Dhanbad News: SNMMCH और सदर अस्पताल में डिजिटल भुगतान शुरू, मरीजों को काउंटर के चक्करों से मिलेगी राहत
AI Image
धनबाद के एसएनएमएमसीएच और सदर अस्पताल में मरीजों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। अब एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी जैसी जांचों के साथ-साथ रजिस्ट्रेशन शुल्क का भुगतान भी ऑनलाइन किया जा सकेगा। इससे मरीजों को बार-बार काउंटर पर जाकर शुल्क जमा करने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।
धनबाद. एसएनएमएमसीएच और सदर अस्पताल में मरीजों को विभिन्न जांच और रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करने के लिए काउंटर पर जाने की जरूरत कम होगी. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने दोनों अस्पतालों में मरीजों से शुल्क लेने की व्यवस्था को डिजिटल करने का निर्देश दिया है. इसके तहत एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी समेत विभिन्न जांचों के लिए लिये जाने वाले शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा. सदर अस्पताल में रजिस्ट्रेशन शुल्क भी ऑनलाइन जमा करने की व्यवस्था की जायेगी.
एसबीआइ के माध्यम से खुलेगा बैंक खाता
डिजिटल भुगतान व्यवस्था लागू करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित अस्पताल प्रबंधन को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआइ) के माध्यम से बैंक खाता खोलने का निर्देश दिया है. इसी बैंकिंग व्यवस्था के जरिये मरीजों से लिये जाने वाले शुल्क का ऑनलाइन लेनदेन किया जायेगा. अस्पताल प्रबंधन को इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है.
नकद लेनदेन होगा कम
ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था शुरू होने के बाद अस्पतालों में शुल्क जमा करने के लिए नकद लेनदेन पर निर्भरता कम होगी. मरीज निर्धारित शुल्क डिजिटल माध्यम से जमा कर सकेंगे. इससे उन्हें हर बार नकदी की व्यवस्था करने की परेशानी से भी राहत मिलेगी.
शुल्क संग्रह का डिजिटल रिकॉर्ड रहेगा
मरीजों की ओर से जमा की गयी राशि का रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा. इससे अस्पताल प्रबंधन के लिए रोजाना होने वाले शुल्क संग्रह का हिसाब रखना आसान होगा. डिजिटल लेनदेन होने से भुगतान का रिकॉर्ड भी सुरक्षित रहेगा और शुल्क संग्रह की प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिल सकती है.
विभाग के निर्देश के बाद अस्पताल प्रबंधन स्तर पर डिजिटल भुगतान व्यवस्था को लागू करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. व्यवस्था पूरी तरह लागू होने के बाद मरीजों को जांच और रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करने के लिए पहले की तरह केवल नकद भुगतान पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
ये भी पढ़ें: SNMMCH OPD Alert: मौसम बदलते ही क्यों बीमार पड़ रहे 95% बच्चे? डॉक्टरों ने बताई वजह और बचाव के उपाय
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए