धनबाद: कुसमाटांड़ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में 3 घंटे तक अपराधियों का तांडव, कर्मियों को बंधक बना 500 KV ट्रांसफार्मर उखाड़ा
चोरी की वारदात के बाद क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर के पास खड़े लोग
धनबाद के कुसमाटांड़ स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में रविवार रात नकाबपोशों ने धावा बोलकर तीन कर्मचारियों को बंधक बना लिया. करीब तीन घंटे तक लूटपाट करने के बाद अपराधियों ने 500 KVA का ट्रांसफार्मर उखाड़ लिया और फरार हो गए.
धनबाद. कुसमाटांड़ स्थित पीएचईडी विभाग के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में रविवार की रात नकाबपोश डेढ़ दर्जन से अधिक अज्ञात अपराधियों ने धावा बोलकर लाखों रुपये का सामान लूट लिया. अपराधियों ने प्लांट के तीन कर्मियों को बंधक बनाकर करीब तीन घंटे से अधिक समय तक लूटपाट की. घटना की सूचना मिलने के बाद बलियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मियों से घटना की जानकारी ली.

बांस के सहारे बाउंड्री फांदकर प्लांट में घुसे
कर्मियों के अनुसार, अपराधी रात करीब 11:30 बजे प्लांट की पिछली बाउंड्री से बांस के सहारे अंदर घुसे. इसके बाद वाटर ट्रीटमेंट टंकी के रास्ते छत पर पहुंचे. वहां रेस्ट रूम में आराम कर रहे सुपरवाइजर सुमित कुमार और छत पर पहरा दे रहे नाइट गार्ड बंकु गोराई व धीरू रवानी को कब्जे में ले लिया. तीनों को रेस्ट रूम में ले जाकर गमछे और रस्सी से हाथ बांध दिये गये. उनके मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिये गये. बंधक बनाये गये कर्मियों के पास पांच-छह अपराधी निगरानी के लिए खड़े रहे.
ये भी पढ़ें: धनबाद में बिजली कटौती या लो-वोल्टेज से हैं परेशान? अब एक वाट्सएप मैसेज से दूर होगी समस्या
पैनल की लाइन काटकर ट्रांसफार्मर गिराया
इसके बाद अन्य अपराधियों ने सबसे पहले प्लांट के पैनल की बिजली लाइन काट दी. इसके बाद करीब तीन घंटे से अधिक समय तक प्लांट में लूटपाट की. अपराधियों ने परिसर में लगे 500 केवी के ट्रांसफार्मर को नीचे गिरा दिया और उसके कीमती पार्ट्स-पुर्जे निकाल लिये. इसके अलावा मोटर के लिए बिछाये गये भूमिगत कॉपर केबल भी उखाड़ लिये. प्लांट में रखे रेंच समेत अन्य कीमती सामान भी अपराधी ले गये.

लूटपाट के दौरान अपराधियों ने प्लांट में लगे चार सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया. साथ ही सीसीटीवी कैमरों का हार्ड डिस्क भी निकालकर अपने साथ ले गये. कर्मियों के अनुसार, अपराधियों ने प्लांट परिसर में शराब भी पी और शराब की बोतलें वहीं छोड़ दीं.
मुख्य गेट का ताला तोड़कर भागे
कर्मियों के अनुसार, लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी रात करीब 2:40 बजे मुख्य गेट का ताला तोड़कर बाहर निकले. जाते समय उन्होंने कर्मचारियों के मोबाइल फोन फेंक दिये. अपराधियों के जाने के बाद बंधक बनाये गये कर्मियों ने किसी तरह अपने हाथ खोले और अपने मोबाइल फोन तलाशे. इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गयी.
सूचना मिलते ही बलियापुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है.
पिछले साल भी हुई थी ऐसी घटना
बताया गया कि नवंबर 2025 में भी अज्ञात अपराधियों ने इसी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में धावा बोलकर लूटपाट की थी. एक बार फिर हुई घटना के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
घटना की सूचना मिलने पर विधायक प्रतिनिधि हीरालाल मोदक, प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी समेत अन्य जनप्रतिनिधि प्लांट पहुंचे और कर्मियों से घटना की जानकारी ली. जनप्रतिनिधियों ने बलियापुर पुलिस-प्रशासन से घटना में शामिल अज्ञात अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की.
ये भी पढ़ें: धनबाद पुलिस का बड़ा एक्शन: अगस्त में 912 वारंट निष्पादित, 134 धराए, सितंबर में और कड़ा होगा अभियान
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए