अब चेकबुक के लिए डाकघर जाने की जरूरत नहीं, घर बैठे करें ऑनलाइन आवेदन
यह फोटो एआई से बनाई गई है
झारखंड के डाकघर बचत खाताधारकों के लिए बड़ी खुशखबरी, अब इंटरनेट बैंकिंग के जरिए घर बैठे चेक बुक के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
डाकघर के बचत खाता धारकों के लिए डाक विभाग ने डिजिटल बैंकिंग से जुड़ी एक महत्वपूर्ण सुविधा शुरू की है. अब इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल करने वाले ग्राहक घर बैठे पर्सनलाइज्ड चेक बुक के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे.
आपके शहर में
इसके लिए उन्हें चेक बुक बनवाने के लिए डाकघर जाकर आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी. यह सुविधा धनबाद मंडल समेत झारखंड के सभी संबंधित डाकघरों में लागू की गयी है.
इंटरनेट बैंकिंग से सीधे कर सकेंगे आवेदन
डाक विभाग के वित्तीय सेवा प्रभाग के अनुसार डाकघर बचत खाता धारकों के लिए पर्सनलाइज्ड चेक बुक की सुविधा शुरू करने का निर्णय पहले ही लिया जा चुका था. आठ मई को जारी बचत बैंक संबंधी आदेश में इस सुविधा का प्रावधान किया गया था.
इसके साथ ही भविष्य में इसे इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग से जोड़ने की योजना भी रखी गयी थी. अब इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू होने से खाताधारकों के लिए चेक बुक प्राप्त करना और आसान हो गया है.
डाकघर जाने की जरूरत होगी कम
नई सुविधा के बाद ग्राहक अपने घर या किसी भी स्थान से इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से चेक बुक के लिए आवेदन कर सकेंगे. इससे आवेदन जमा करने के लिए डाकघर पहुंचने, कतार में लगने और समय खर्च करने की जरूरत कम होगी.
खासकर नौकरीपेशा और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले खाताधारकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. सभी डाकघरों में प्रचार-प्रसार का निर्देशडाक विभाग ने सभी परिमंडल और क्षेत्रीय कार्यालयों को नई डिजिटल सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया है. संबंधित डाकघरों के सूचना पट पर भी इसकी जानकारी प्रदर्शित करने को कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक खाताधारक सुविधा का उपयोग कर सकें.
डिजिटल सेवाओं को बढ़ाने पर जोर
विभाग का मानना है कि ऑनलाइन चेक बुक आवेदन की सुविधा से ग्राहकों का समय बचेगा और बैंकिंग सेवाएं अधिक सुविधाजनक एवं पारदर्शी बनेंगी. साथ ही डाकघरों में छोटे-छोटे बैंकिंग कार्यों के लिए पहुंचने वाले ग्राहकों की संख्या कम होने से अनावश्यक भीड़ घटाने में भी मदद मिलेगी. डाक विभाग की यह पहल बचत खाताधारकों को पारंपरिक बैंकिंग से डिजिटल सेवाओं की ओर जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए