ANM में नामांकन का आखिरी मौका, 18 से 20 अक्तूबर तक भरें ऑनलाइन विकल्प; 22 को सीट अलॉटमेंट
यह फोटो एआई से बनाई गयी है
झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने ANM पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए विशेष चक्र की काउंसलिंग घोषित की है. अभ्यर्थी 18 से 20 अक्तूबर तक ऑनलाइन विकल्प भर सकते हैं. सीट आवंटन 22 अक्तूबर को होगा और चयनित अभ्यर्थियों को 23 से 25 अक्तूबर तक नामांकन लेना होगा.
धनबाद. झारखंड में एएनएम (ऑक्जिलरी नर्स मिडवाइफ) पाठ्यक्रम में नामांकन से वंचित अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है. झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (जेसीईसीईबी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नामांकन के लिए विशेष चक्र की ऑनलाइन काउंसलिंग की घोषणा की है. इसके तहत अभ्यर्थी 18 से 20 अक्तूबर तक ऑनलाइन पंजीकरण कर नर्सिंग संस्थानों के विकल्प भर सकेंगे. पर्षद ने इस संबंध में 16 अक्तूबर को सूचना जारी की है.
विशेष चक्र की काउंसलिंग में एएनएम प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 में शामिल अभ्यर्थी हिस्सा ले सकते हैं. इसका उद्देश्य रिक्त सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया पूरी करना है. पहले के काउंसलिंग चक्रों में नामांकन नहीं ले सके अभ्यर्थियों को इससे एक और अवसर मिलेगा.
22 अक्तूबर को जारी होगा सीट आवंटन पत्र
जेसीईसीईबी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 17 अक्तूबर को रिक्त सीटों का विवरण जारी किया जाएगा. इसके बाद 18 से 20 अक्तूबर तक ऑनलाइन पंजीकरण और विकल्प भरने की प्रक्रिया चलेगी. 22 अक्तूबर को अनंतिम सीट आवंटन पत्र जारी किया जाएगा.
चयनित अभ्यर्थियों को 23 से 25 अक्तूबर तक संबंधित नर्सिंग संस्थान में दस्तावेज सत्यापन कराकर नामांकन लेना होगा. पर्षद ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे उपलब्ध संस्थानों के अधिक से अधिक विकल्प भरें, ताकि रिक्त सीटों के अनुसार संस्थान आवंटित होने की संभावना बढ़ सके.
ये भी पढ़ें: आखिर क्या देखने मुनीडीह खदान के 500 मीटर अंदर उतरे आद्रा डीआरएम, बीसीसीएल अधिकारियों के साथ हुआ मंथन
पहले नामांकन ले चुके अभ्यर्थियों को भी मौका
विशेष चक्र की काउंसलिंग में पहले, दूसरे और तीसरे चक्र में शामिल हो चुके वे अभ्यर्थी भी भाग ले सकते हैं, जो अपना संस्थान बदलना चाहते हैं. हालांकि, विशेष चक्र में नया संस्थान आवंटित होने पर वहां नामांकन लेना अनिवार्य होगा. ऐसी स्थिति में पहले के संस्थान में लिया गया नामांकन स्वतः रद्द हो जाएगा.
इसलिए संस्थान बदलने के इच्छुक अभ्यर्थियों को विकल्प भरने से पहले सावधानीपूर्वक निर्णय लेने की सलाह दी गई है.
सामान्य वर्ग के लिए 400, महिला अभ्यर्थियों के लिए 250 रुपये शुल्क
विशेष चक्र की काउंसलिंग के लिए सामान्य, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), बीसी-I और बीसी-II श्रेणी के अभ्यर्थियों को 400 रुपये शुल्क देना होगा. सभी श्रेणियों की महिला अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है. शुल्क का भुगतान क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के माध्यम से किया जा सकेगा. जमा किया गया शुल्क वापस नहीं किया जाएगा.
नामांकन के लिए ये दस्तावेज रखें तैयार
अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय एवं संपत्ति प्रमाण पत्र और दिव्यांगता प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने होंगे. संबंधित प्रमाण पत्रों के निर्धारित प्रारूप पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट के डाउनलोड सेक्शन में उपलब्ध हैं.
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन पंजीकरण, विकल्प भरने और नामांकन की प्रक्रिया पूरी करें.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए