डाक विभाग में GDS भर्ती का ऐलान, BPM-ABPM समेत डाक सेवक के पदों पर आवेदन 31 अगस्त से
मुख्य डाकघर धनबाद
ग्रामीण डाक सेवक भर्ती 2026 के लिए 31 अगस्त से पंजीकरण शुरू होंगे। बीपीएम, एबीपीएम और डाक सेवक पदों के लिए 21 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन करें।
डाक विभाग ने ग्रामीण डाक सेवक (GDS) ऑनलाइन नियुक्ति अनुसूची-द्वितीय, जुलाई 2026 के तहत विभिन्न डाक कार्यालयों में रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन प्रक्रिया की घोषणा कर दी है. विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार शाखा डाकपाल (BPM), सहायक शाखा डाकपाल (ABPM) और डाक सेवक के पदों पर योग्य उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गये हैं.
आपके शहर में
अलग-अलग डाक परिमंडल और मंडल में उपलब्ध रिक्त पदों का विवरण अधिसूचना के परिशिष्ट-1 में दिया गया है. इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
31 अगस्त से शुरू होगा पंजीकरण
GDS भर्ती के लिए ऑनलाइन एकमुश्त पंजीकरण की प्रक्रिया 31 अगस्त 2026 से शुरू होगी. उम्मीदवार 19 सितंबर 2026 की शाम पांच बजे तक अपना पंजीकरण करा सकेंगे.
इसके बाद 2 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन जमा करने और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया शुरू होगी. आवेदन जमा करने और शुल्क भुगतान की अंतिम समय सीमा 21 सितंबर 2026 की शाम पांच बजे निर्धारित की गयी है. उम्मीदवार विभाग के निर्धारित GDS ऑनलाइन नियुक्ति पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे.
एक उम्मीदवार का एक ही पंजीकरण मान्य
डाक विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक उम्मीदवार को ऑनलाइन आवेदन के लिए केवल एक पंजीकरण की अनुमति दी जायेगी. एक से अधिक या दोहराये गये पंजीकरण और आवेदन पूरी तरह प्रतिबंधित हैं.
विभाग के अनुसार यदि नियुक्ति से पहले या नियुक्ति के बाद किसी उम्मीदवार के एक से अधिक आवेदन या पंजीकरण पाये जाते हैं, तो उसकी उम्मीदवारी रद्द की जा सकती है. इसके अलावा संबंधित उम्मीदवार के खिलाफ ग्रामीण डाक सेवक आचरण एवं नियुक्ति नियम, 2020 के तहत कार्रवाई भी की जा सकती है.
इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गयी है कि पंजीकरण और आवेदन करते समय अपनी जानकारी सावधानीपूर्वक दर्ज करें और एक से अधिक आवेदन करने से बचें.
गलती सुधारने के लिए मिलेगा दो दिन का मौका
ऑनलाइन आवेदन जमा करने के बाद यदि किसी उम्मीदवार को अपनी दर्ज की गयी जानकारी में गलती मिलती है, तो उसे दोबारा पंजीकरण करने की जरूरत नहीं होगी. आवेदन प्रक्रिया की निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों को दो दिन का सुधार अवसर दिया जायेगा.
इस अवधि के दौरान पंजीकरण और आवेदन से संबंधित जानकारी में आवश्यक सुधार किया जा सकेगा. ऑनलाइन शुल्क से जुड़ी जानकारी में सुधार की सुविधा भी इसी अवधि के दौरान उपलब्ध रहेगी.
आवेदन के साथ दस्तावेज नहीं करने होंगे अपलोड
उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन पत्र के साथ दस्तावेज अपलोड करने की जरूरत नहीं होगी. हालांकि निर्धारित प्रक्रिया के तहत हालिया फोटो और हस्ताक्षर को पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा.
आवेदन प्रक्रिया और पंजीकरण से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश अधिसूचना के परिशिष्ट-2 में उपलब्ध कराये गये हैं. वहीं, विभिन्न डाक परिमंडल और मंडल में रिक्त पदों का विस्तृत विवरण परिशिष्ट-1 में दिया गया है.
उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले अधिसूचना में दी गयी पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी निर्देशों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गयी है, ताकि आवेदन करते समय किसी तरह की गलती न हो.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए