भौंरा खदान में 200 फीट केबल की लूट, कई मुहल्लों की जलापूर्ति ठप
खदान का मुहाना
झरिया की भौंरा खदान में नकाबपोश अपराधियों ने सुरक्षा कर्मियों को बंधक बनाकर 200 फीट कॉपर केबल लूटा। जलापूर्ति ठप होने से स्थानीय लोग परेशान हैं।
बीसीसीएल के पूर्वी झरिया क्षेत्र अंतर्गत एकीकृत भौंरा उत्तर-दक्षिण कोलियरी की 37/38 खदान में शनिवार की देर रात 25-30 की संख्या में नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर करीब 200 फीट कॉपर केबल लूट लिया. घटना रात करीब एक बजे की है. अपराधियों ने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड मंगल रवानी समेत आठ कर्मियों को बंधक बनाकर बिजलीघर में बंद कर दिया तथा सभी के मोबाइल फोन छीनकर बाहर रख दिये.
आपके शहर में
मेन गेट का ताला तोड़कर वारदात को दिया अंजाम
कर्मियों के अनुसार, अपराधियों ने सबसे पहले ट्रांसफॉर्मर रूम में पहुंचकर बिजली काट दी. इसके बाद खदान में प्रवेश कर दो पिलरों से करीब 200 फीट कॉपर केबल काट लिया. केबल को कई टुकड़ों में काटकर अपराधी करीब तीन घंटे बाद वहां से निकल गये.
जाते समय उन्होंने बिजलीघर का दरवाजा खोल दिया और कर्मियों के मोबाइल फोन भी वहीं छोड़ दिये. कर्मियों का कहना है कि अपराधियों ने खदान के मुख्य गेट का ताला तोड़कर प्रवेश किया था.
सीआइएसएफ कंट्रोल रूम से कुछ ही दूर है घटनास्थल
घटना के बाद सुरक्षा गार्ड ने इसकी सूचना सुरक्षा इंचार्ज शमशेर आलम को दी. कर्मियों ने आरोप लगाया कि भौंरा ओपी और सीआइएसएफ कंट्रोल रूम खदान से कुछ ही दूरी पर स्थित हैं, इसके बावजूद खदान क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग नहीं होती. लगातार हो रही चोरी की वारदात से रात्रि पाली में काम करने वाले कर्मी भयभीत हैं. सुरक्षा इंचार्ज ने घटना की लिखित सूचना परियोजना पदाधिकारी को दी है.
केबल कटने से कई मुहल्लों में पिट वाटर आपूर्ति ठप
केबल कटने के कारण भौंरा कुम्हारपट्टी, 12 नंबर, 13 नंबर, गौरखूंटी और हाड़ीपट्टी समेत आसपास के कई मुहल्लों में पिट वाटर की आपूर्ति ठप हो गयी है. कर्मियों ने खदान में सीआइएसएफ की स्थायी प्रतिनियुक्ति की मांग प्रबंधन से की है.
15 दिनों में केबल लूट की दूसरी घटना
विदित हो कि एक पखवाड़े के अंदर 37/38 खदान में केबल लूट की यह दूसरी घटना है. इससे पहले आठ अगस्त को अपराधी करीब 300 फीट केबल काटकर ले गये थे. इससे पूर्व भी 11 मई 2025, 13 अगस्त, 10 सितंबर, आठ अक्तूबर, 21 नवंबर, पांच दिसंबर और 24 दिसंबर 2025 को इस खदान में केबल लूट की घटनाएं हो चुकी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए