बिजली को लेकर शुरू हुआ विवाद, फिर चले लाठी-डंडे; सात लोग घायल, गांव में तनाव
मार पीट में घायल सख्श | Prabhat Khabar Network
नावाडीह बस्ती में बिजली विवाद के कारण दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई, जिसमें कुल सात लोग घायल हो गए. घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है. यह विवाद दो दिन पहले भी उत्पन्न हुआ था.
बरोरा थाना क्षेत्र के नावाडीह बस्ती में सोमवार को बिजली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गयी. घटना में दोनों पक्षों से सात लोग घायल हो गये. घायलों में एक पक्ष के नेमलाल गोप, गौतम गोप और अजय गोप तथा दूसरे पक्ष के कैलाश गोप, विक्रम गोप, मनोज गोप और कमलेश गोप शामिल हैं. घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी. सूचना मिलने पर बरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
आपके शहर में
अस्पताल में कराया गया इलाज, सातों धनबाद रेफर
पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. चिकित्सकीय जांच के बाद अजय गोप, नेमलाल गोप, गौतम गोप, कैलाश गोप, विक्रम गोप, मनोज गोप और कमलेश गोप को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया.
दो दिन पहले भी हुआ था विवाद
बताया जाता है कि बिजली विवाद को लेकर दो दिन पूर्व भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था. इसी विवाद को लेकर सोमवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया.
घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और छिनतई का आरोप लगाते हुए बरोरा थाना में लिखित शिकायत दी है.
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाया आरोप
घायल अजय गोप ने आरोप लगाया कि वह ड्यूटी जाने के लिए घर से निकला था. इसी दौरान घर के सामने दूसरे पक्ष के संजय, पंकज, मनोज समेत अन्य लोगों ने उसे घेर लिया और जानलेवा हमला कर घायल कर दिया.
वहीं, दूसरे पक्ष के घायल विक्रम गोप और पंकज गोप का आरोप है कि विपक्षी लोग उनके घर में जबरन घुस गये और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की. आरोप है कि इस दौरान घर में तोड़फोड़ भी की गयी.
पुलिस बोली- आवेदन के आधार पर होगी कार्रवाई
बरोरा थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए