डीवीसी का 33 हजार केवी ट्रांसमिशन तार टूटा, 40 गांवों में बिजली-पानी संकट

विज्ञापन

AI Image

डीवीसी की 33 हजार केवी ट्रांसमिशन लाइन का तार टूटने से निरसा-जामताड़ा रोड के पास अफरा-तफरी मच गई. इस घटना के कारण करीब 30-40 गांवों में बिजली और पानी की आपूर्ति ठप हो गई, जिससे ग्रामीण पिछले 10 घंटे से मुश्किलों का सामना कर रहे हैं.

विज्ञापन

निरसा-जामताड़ा रोड स्थित बेलडांगा के पास गुरुवार सुबह डीवीसी के 33 हजार केवी ट्रांसमिशन लाइन का तार टूटकर गिर गया. तार गिरने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने तत्काल निरसा बिजली सब स्टेशन और डीवीसी को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद करवायी. इस दौरान करीब एक घंटे तक निरसा-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर आवागमन भी बाधित रहा.

आपके शहर में

विज्ञापन

सुबह नौ बजे पहुंची डीवीसी की टीम

घटना की सूचना मिलने के बाद सुबह करीब नौ बजे डीवीसी मैथन के अधिकारी और संवेदक कंपनी के कर्मी मौके पर पहुंचे. इसके बाद ट्रांसमिशन लाइन की मरम्मत का काम शुरू किया गया. विभागीय स्तर पर क्षतिग्रस्त तार को दुरुस्त करने का प्रयास जारी है.

30-40 गांवों में बिजली-पानी की आपूर्ति ठप

ट्रांसमिशन तार टूटने से निरसा उत्तर क्षेत्र के करीब 30 से 40 गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई. बिजली पर निर्भर जलापूर्ति भी ठप हो गयी. करीब दस घंटे से बिजली-पानी की समस्या के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा. उमस और गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गयीं. विभाग की ओर से देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की संभावना जतायी गयी है.

इन गांवों में प्रभावित हुई आपूर्ति

बिजली आपूर्ति बाधित होने वाले क्षेत्रों में बरवादीह, साना, गंगापुर, बेलडांगा, पलहारपुर, कामारडीह, पुरनी, बाथानडांग, मदनडीह, पालूरडी, दुर्गापुर, रघुनाथपुर लाघाटा, बरबेदिया, रतनपुर, चरकुनिया, विशाल पहाड़ी और तेलफेला समेत आसपास के अन्य गांव शामिल हैं.

झारखंड के साथ बिहार के कई क्षेत्रों को भी होती है आपूर्ति

जानकारी के अनुसार डीवीसी की इस ट्रांसमिशन लाइन से झारखंड के जामताड़ा, दुमका, देवघर, पाकुड़, गोड्डा और साहेबगंज के अलावा बिहार के भागलपुर, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज समेत अन्य क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति होती है. ऐसे में ट्रांसमिशन लाइन में खराबी का असर बड़े क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पर पड़ सकता है.

मरम्मत पूरी होते ही बहाल होगी आपूर्ति : एसडीओ

निरसा विद्युत विभाग के एसडीओ नीतीश कुमार ने बताया कि डीवीसी का ट्रांसमिशन तार टूट गया है. डीवीसी की ओर से मरम्मत कार्य कराया जा रहा है. ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद निरसा क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जायेगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola