धनबाद में जोरदार धमाका, कई घर समेत एक ही परिवार के तीन लोग जमींदोज
Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 31 Mar 2026 9:09 PM
धनबाद के सोनारडीह क्षेत्र में भू-धंसान होने के बाद दर्द बयां करती महिला. फोटो: प्रभात खबर
Dhanbad Landslide: धनबाद के सोनारडीह क्षेत्र में जोरदार धमाके के बाद कई घर जमींदोज हो गए, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों के दबने की आशंका है. राहत कार्य में देरी से ग्रामीणों में आक्रोश है और सड़क जाम कर विरोध किया गया. प्रशासन से जल्द बचाव कार्य शुरू करने की मांग. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
धनबाद से सुमन सिंह की रिपोर्ट
Dhanbad Landslide: धनबाद जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत टांडाबाड़ी बस्ती में मंगलवार शाम एक भयावह घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब साढ़े पांच बजे जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद कई घर देखते ही देखते जमींदोज हो गए. इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों के मलबे में दबने की आशंका जताई जा रही है.
एक ही परिवार के तीन लोग मलबे में दबे
घटना में सरिता देवी, मनोहर उरांव और गीता कुमारी के मलबे में दब जाने की बात सामने आई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाका इतना जोरदार था कि घरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. अचानक हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने परिजनों की तलाश में जुट गए.
राहत कार्य में देरी से ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के करीब दो घंटे बीत जाने के बाद भी राहत और बचाव कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला. लोगों का आरोप है कि समय रहते प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे मलबे में दबे लोगों को बचाने की उम्मीद कम होती जा रही है.
ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, ओपी का घेराव
आक्रोशित ग्रामीणों ने सोनारडीह ओपी का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया. इसके साथ ही राजगंज-बोकारो मुख्य मार्ग एनएच-32 को जाम कर दिया गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया. लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने की मांग की.
विधायक ने लिया जायजा, प्रशासन को दिए निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने फोन के जरिए बीसीसीएल के सीएमडी और धनबाद के उपायुक्त से बातचीत कर तुरंत राहत कार्य शुरू करने का निर्देश दिया. विधायक ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दिलाई जाएगी.
इसे भी पढ़ें: विष्णुगढ़ दरिंदगी मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज, दर्जन भर संदिग्ध हिरासत में
इलाके में दहशत और मातम का माहौल
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है. लोग अपने घरों से बाहर निकल आए हैं और घटना की भयावहता को लेकर सहमे हुए हैं. प्रशासन की ओर से राहत कार्य शुरू होने का इंतजार किया जा रहा है, ताकि मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला जा सके और स्थिति को नियंत्रित किया जा सके.
इसे भी पढ़ें: बोकारो के नावाडीह में दो मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर, दो की मौत दो घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










