कार में डीजल की जगह पेट्रोल भरने पर विवाद, पंपकर्मियों और कार सवारों में मारपीट

Updated:
विज्ञापन

घायव कार सवार | Prabhat Khabar Network

धनबाद के किसान चौक स्थित पेट्रोल पंप पर कार में डीजल की जगह पेट्रोल भरने को लेकर जमकर मारपीट हुई. इस घटना में तीन पंपकर्मी घायल हो गए. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया, लेकिन किसी भी पक्ष ने अभी तक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है.

विज्ञापन

बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के किसान चौक स्थित एक पेट्रोल पंप पर बुधवार की रात कार में डीजल की जगह पेट्रोल भरने को लेकर विवाद हो गया. विवाद बढ़ने के बाद पंपकर्मियों और कार में सवार युवक-युवती तथा उनके साथ पहुंचे अन्य युवकों के बीच मारपीट हो गयी. घटना में तीन पंपकर्मियों के घायल होने की बात सामने आयी है. सूचना मिलने पर बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया. फिलहाल घटना को लेकर किसी पक्ष की ओर से पुलिस में लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी नहीं है.

आपके शहर में

विज्ञापन

कार लेकर दोबारा पंप पर पहुंचे युवक-युवती

बताया जाता है कि कार संख्या जेएच 10 एएम 4776 से युवक-युवती धनबाद से बरवाअड्डा की ओर जा रहे थे. रास्ते में दोनों किसान चौक स्थित पेट्रोल पंप पर ईंधन लेने के लिए रुके. आरोप के अनुसार, पंपकर्मी ने कार की टंकी में एक हजार रुपये का पेट्रोल भर दिया. इसके बाद युवक-युवती कार लेकर वहां से चले गये.

कुछ देर बाद दोनों दोबारा पंप पर पहुंचे और कर्मी से पूछा कि कार में पेट्रोल डाला गया है या डीजल. कर्मी द्वारा पेट्रोल डालने की बात कहे जाने के बाद विवाद शुरू हो गया. युवक-युवती का कहना था कि कार की टंकी पर डीजल लिखा हुआ था, ऐसे में पेट्रोल कैसे भर दिया गया.

दोस्तों को बुलाने के बाद बढ़ा विवाद

विवाद के दौरान युवक-युवती ने कथित तौर पर फोन कर अपने परिचितों को बुलाया. इसके बाद दो कारों से करीब आधा दर्जन युवक पंप पर पहुंचे. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गयी. घटना में पंपकर्मी करण प्रमाणिक, नेन्सी कुमारी और विकास कुमार के घायल होने की बात कही गयी है.

घायव पंप कर्मी. | Prabhat Khabar Network
घायव पंप कर्मी. | Prabhat Khabar Network

पंप प्रबंधन की ओर से बताया गया कि कार सवारों और पंपकर्मियों के बीच सिगरेट पीने को लेकर भी विवाद हुआ था. वहीं कार सवार युवती ने इस आरोप से इनकार करते हुए कहा कि पंपकर्मियों ने उनके साथ बदतमीजी की और बिना पूछे डीजल की जगह पेट्रोल भर दिया. युवती के अनुसार, गलत ईंधन डाले जाने के कारण कार बंद हो गयी.

पंप संचालक ने पेट्रोल भरने को बताया गलती

पंप संचालक बरवाअड्डा निवासी राहुल मंडल ने बताया कि कार में पेट्रोल गलती से भर दिया गया. उनके अनुसार, पंप परिसर में कार सवार युवक-युवती के सिगरेट पीने पर कर्मियों ने उन्हें मना किया था, जिसके बाद विवाद बढ़ा. उन्होंने बताया कि घटना में तीन पंपकर्मी घायल हुए हैं. संचालक के अनुसार, कार को ठीक कराने के लिए सुबह मैकेनिक को बुलाने की बात कही गयी.

पुलिस पहुंची, दोनों पक्षों को समझाकर कराया शांत

जीओ पेट्रोल पंप बरवाअड्डा में मारपीट. | Prabhat Khabar Network
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस | Prabhat Khabar Network

घटना की सूचना मिलने पर बरवाअड्डा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से जानकारी लेने के बाद स्थिति को शांत कराया. इसी दौरान कांग्रेस नेता बैभव सिन्हा भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने कार सवार युवकों को समझाकर वहां से जाने को कहा, जिसके बाद वे लोग वहां से चले गये.

पुलिस की ओर से घटना के संबंध में आधिकारिक रूप से किसी पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आयी है. विवाद के दौरान मारपीट और अन्य आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola