दो किशोरों की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी FSL टीम, गड्ढे में फिर तैयार कराया क्राइम सीन

Updated:
विज्ञापन

घटनास्थल पर गड्ढे के पानी की मांपी की जांच करते फॉरेंसिक टीम के सदस्य | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

देवघर में दो किशोरों की मौत की गुत्थी सुलझाने में FSL टीम जुटी है. टीम ने तीन घंटे तक घटनास्थल का निरीक्षण किया, क्राइम सीन तैयार किया और परिजनों व युवकों से पूछताछ की. पुलिस से केस के दस्तावेज भी लिए गए हैं.

विज्ञापन

तीन घंटे तक घटनास्थल की जांच, आठ युवकों और करीब 10 परिजनों से पूछताछ, पुलिस से केस के दस्तावेज भी लिये

देवघर : कुंडा थाना क्षेत्र के कुमरडीह तितमो गांव के दो किशोरों की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी रांची विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने शनिवार को दूसरे दिन भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. दो सदस्यीय टीम दोपहर करीब दो बजे दोनों मृतकों के परिजनों और कुंडा थाना पुलिस के साथ ईंट-भट्ठे के समीप स्थित उस गड्ढे के पास पहुंची, जहां 28 जुलाई को पानी में दोनों किशोरों के शव बरामद हुए थे.

विज्ञापन

पानी का स्तर रखकर की मापी

टीम ने करीब तीन घंटे तक घटनास्थल पर रहकर घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली. जांच के दौरान पंपिंग सेट मशीन लगवाकर गड्ढे का कुछ पानी बाहर निकाला गया. इसके बाद घटना के समय गड्ढे में जितना पानी होने की बात सामने आयी थी, उसके अनुरूप पानी का स्तर रखते हुए उसकी मापी की गयी.


घटनास्थल पर गड्ढे के पानी की मांपी की जांच करते फॉरेंसिक टीम के सदस्य | Prabhat Khabar Network
घटनास्थल पर गड्ढे के पानी की मांपी की जांच करते फॉरेंसिक टीम के सदस्य | Prabhat Khabar Network

फिर तैयार कराया गया क्राइम सीन

फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने शव मिलने की परिस्थिति को समझने के लिए उसी तरह का क्राइम सीन तैयार कराया, जैसा घटनास्थल पर शव बरामद होने के समय था. इसके बाद पूरे स्थान का बिंदुवार निरीक्षण किया गया. टीम ने मौके से कुछ तस्वीरें भी तैयार कीं और उन्हें अपने साथ ले गयी.

आठ युवकों से हुई पूछताछ

जांच के सिलसिले में पुलिस ने चिरधनियां के आठ लड़कों को घटनास्थल पर बुलाया था. फॉरेंसिक टीम के दोनों सदस्यों ने उनसे काफी देर तक पूछताछ की. युवकों से घटना से पहले और बाद की गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली गयी. इसके अलावा दोनों मृतकों के माता-पिता, चाचा-चाची समेत करीब 10 परिजनों से भी अलग-अलग बिंदुओं पर पूछताछ की गयी.

पुलिस अधिकारियों से भी ली जानकारी

कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार और कांड के आइओ एसआइ शामू बांदो से भी टीम ने घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली. करीब शाम पांच बजे टीम वापस लौटी.

पुलिस से लिये केस से जुड़े दस्तावेज

रांची विधि विज्ञान प्रयोगशाला के सहायक निदेशक डॉ अमित कुमार और अजय कुमार ने पुलिस से शव बरामदगी के समय की तस्वीरें, प्राथमिकी, पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की प्रतियां प्राप्त की. टीम ने घटनास्थल की स्थिति, शव बरामदगी की परिस्थिति और उससे जुड़े तथ्यों को आपस में जोड़कर समझने का प्रयास किया. परिजनों से पूछताछ के दौरान भी घटना से संबंधित अलग-अलग कड़ियों की जानकारी जुटायी गयी.

28 जुलाई को गड्ढे से मिले थे शव

जानकारी हो कि 28 जुलाई को कुंडा थाना क्षेत्र में दोनों किशोरों के शव मिलने के बाद से मामले को लेकर कई सवाल बने हुए हैं. मृतक कृष्णमुरारी के पिता राजीव कुमार गुप्ता ने कुंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. इसमें अज्ञात लोगों पर बेटे की हत्या कर शव को पानी से भरे गड्ढे में फेंकने और साक्ष्य छिपाने का आरोप लगाया गया है.

तपोवन मार्केट जाने की बात कहकर निकले थे

28 जुलाई की शाम करीब 4:15 बजे कृष्णमुरारी (14) अपने साथी अरविंद कुमार दास (16) के साथ तपोवन मार्केट जाने की बात कहकर घर से निकला था. जब वे शाम छह बजे तक दोनों वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने तलाश शुरू की. इसके बाद ईंट-भट्ठे के समीप पानी से भरे गड्ढे से दोनों के शव बरामद हुए थे.

मोबाइल और साइकिल नहीं मिली

घटनास्थल से कृष्णमुरारी का मोबाइल फोन और अरविंद की साइकिल नहीं मिली. इसी आधार पर परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या कर शव को गड्ढे में फेंकने और साक्ष्य छिपाने की आशंका जतायी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola