हर-हर महादेव... से गूंजा देवघर, अंतिम सोमवारी पर दिखी आस्था की अद्भुत तस्वीर
कांवरियों की लगी कतार| Prabhat Khabar Network
देवघर में सावन की अंतिम सोमवारी पर कांवरियों की भीड़ उमड़ी. बाबा मंदिर में आस्था का अद्भुत नज़ारा, स्थानीय लोगों ने की सेवा.
संवाददाता, देवघर. सावन मेला 2026 की अंतिम सोमवारी पर रूट लाइन में कांवरियों की भीड़ सुबह के साथ धीरे-धीरे कम होने लगी. सुबह करीब 10 बजे तक नंदन पहाड़ के पास कांवरियों की कतार लगभग थम-सी गयी. हालांकि, कुमुदिनी घोष रोड, बरमसिया चौक और सरकार भवन की ओर कांवरियों का प्रवाह जारी रहा.
आपके शहर में
बाबा मंदिर का पट खुलने के बाद सुबह चार बजे से ही कांवरियों की कतार तेजी से आगे बढ़ने लगी. बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से नंदन पहाड़ से सरकार भवन तक पूरा रूट लाइन भक्तिमय नजर आया. पुलिसकर्मी कतारबद्ध कांवरियों को लगातार आगे बढ़ाने में सहयोग करते रहे.
थकान के बीच विश्राम करते दिखे कांवरिये
लगातार पैदल चलने से थके कांवरिये रूट लाइन में जगह-जगह विश्राम करते नजर आये. कई श्रद्धालु फ्रूट जूस, चाय-बिस्कुट आदि का सेवन कर अपनी थकान मिटाते दिखे. कतार का प्रवाह सामान्य होने के बाद श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली.
स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर की कांवरियों की सेवा
कांवरियों की सेवा में स्थानीय लोगों की भी सक्रिय भागीदारी रही. लोग घरों से निकलकर श्रद्धालुओं के पांव पखारने के साथ उन्हें चाय, फल और पानी उपलब्ध कराते रहे. अंतिम सोमवारी को लेकर सेवा शिविरों में भी श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ रही.
कांवरियों की संख्या कम होने के साथ ही सेवा में लगे स्थानीय लोगों ने अपने स्टॉल भी हटाने शुरू कर दिये. रूट लाइन में भीड़ घटने के साथ सावन मेला अब धीरे-धीरे ढलान पर पहुंचता नजर आया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए