डड़वा नदी घाट पर डीसी ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
डढवा नदी छठ घाट संध्या अर्घ्य देते डीसी साथ में मौजूद एसपी व एसडीओ. | Prabhat Khabar Network
देवघर में छठ महापर्व श्रद्धा से मनाया गया. डड़वा नदी छठ घाट पर डीसी, एसपी, एसडीओ ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया. प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित की.
देवघर. लोक आस्था का महापर्व छठ जिलेभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. रविवार को संध्या अर्घ्य के अवसर पर डड़वा नदी छठ घाट पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार पहुंचे. यहां उपायुक्त ने विधिवत अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर भगवान सूर्य की आराधना की. इससे पूर्व स्थानीय छठ पूजा समिति के सदस्यों ने उपायुक्त सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों का स्वागत किया.

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता
अर्घ्य अर्पण के बाद उपायुक्त ने जिलावासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कामना की कि भगवान सूर्य अपनी असीम ऊर्जा से सभी के जीवन को प्रकाशवान, सुखमय और ऊर्जावान बनाएं. साथ ही महापर्व के सफल आयोजन में जुटे वरीय अधिकारियों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, सुरक्षा बलों और एनडीआरएफ की टीम के कार्यों की सराहना की. उन्होंने छठ पूजा समितियों से जिला प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय और सहयोग बनाए रखने की अपील की.

चिन्हित घाटों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात
इधर, उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले के सभी चिन्हित छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. अधिकारी लगातार घाटों का भ्रमण कर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं. सुरक्षा बलों के साथ एनडीआरएफ की टीम भी महापर्व के सफल आयोजन में मुस्तैद है. जिला प्रशासन का प्रयास है कि अर्घ्य के दौरान छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो तथा पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए