जसीडीह में सरकारी कुएं से मिला अज्ञात कांवरिया का शव, हाथ पर गुदा था ‘लावामुन्नी लाल’
शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप| Prabhat Khabar Network
जसीडीह के सरकारी कुएं से पांच दिन पुराना अधेड़ कांवड़िया का शव मिला. पहचान के लिए हाथ पर गुदा नाम 'लावामुन्नी लाल' सहारा बना. मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से...
प्रतिनिधि, जसीडीह. सरसा गांव के श्याम पखार टोला स्थित सरकारी कुएं से सोमवार सुबह पुलिस ने एक अज्ञात अधेड़ कांवरिया का शव बरामद किया. मृतक के हाथ पर "लावामुन्नी लाल" गुदा हुआ है. शव से तेज दुर्गंध आ रही थी. पुलिस ने शव करीब पांच दिन पुराना होने की आशंका जतायी है.
आपके शहर में
कुएं से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार सुबह कुएं से तेज दुर्गंध आने पर लोगों ने वहां जाकर देखा तो अंदर शव पड़ा था. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही एसआइ उदय कुमार सिंह, एएसआइ अमरेश कुमार सिंह पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे.
काफी मशक्कत के बाद शव को निकाला गया बाहर
पुलिस जवानों ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला. इसके बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक की उम्र अधेड़ बतायी जा रही है.
पहचान के लिए हाथ पर गुदे नाम का सहारा
मृतक के पास से पहचान संबंधी कोई कागजात या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है. ऐसे में पुलिस के लिए मृतक की पहचान करना चुनौती बनी हुई है. फिलहाल उसके हाथ पर गुदे "लावामुन्नी लाल" नाम को आधार बनाकर पहचान की कोशिश की जा रही है.
कुएं में गिरने से मौत की आशंका
पुलिस को प्रथमदृष्टया आशंका है कि अधेड़ कुएं के पास गया होगा और संभवत: दुर्घटनावश उसमें गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गयी. हालांकि, मौत का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. पुलिस मामले की विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन कर रही है और मृतक की पहचान के प्रयास भी जारी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए