Chaibasa News : करण और शिवम के तूफान में उड़ा फ्रेंड्स क्लब, एमसीसी चाईबासा सेमीफाइनल में
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 13 Feb 2026 11:32 PM
चाईबासा. अशोक कुमार जैन जिला नॉकआउट क्रिकेट प्रतियोगिता
चाईबासा
. पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित 10वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे क्वार्टर फाइनल में एमसीसी चाईबासा ने धमाकेदार जीत दर्ज की. शुक्रवार को बिरसा मुंडा क्रिकेट मैदान पर खेले गए मैच में एमसीसी ने फ्रेंड्स क्लब चाईबासा को 9 विकेट से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.फ्रेंड्स क्लब ने खड़ा किया 220 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर:
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी फ्रेंड्स क्लब चाईबासा की टीम ने निर्धारित 30 ओवरों में 9 विकेट खोकर 220 रन बनाये. टीम की ओर से देवराज ने 42 रन, अमित गोप ने नाबाद 39 रन, ओम वर्मा ने 32 रन और शिवम पटेल ने 26 रन का योगदान दिया. एमसीसी की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए आदित्य पुष्कर और ललित सिंह ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि अजीत और विशाल को 1-1 विकेट मिला. कुमार करण का तूफानी शतक, मात्र 15.3 ओवर में हासिल किया लक्ष्य 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमसीसी चाईबासा की टीम ने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. सलामी बल्लेबाज कुमार करण और शिवम कुमार के बीच पहले विकेट के लिए 193 रनों की विस्फोटक साझेदारी हुई. कुमार करण ने मात्र 50 गेंदों पर 8 छक्के और 12 चौके की मदद से नाबाद 112 रन बनाये. शिवम कुमार 36 गेंदों पर 7 छक्के और 6 चौके की मदद से 79 रन की पारी खेली. एमसीसी ने मात्र 15.3 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 222 रन बनाकर मैच जीत लिया. जयप्रकाश राजपूत 23 रनों पर नाबाद रहे. फ्रेंड्स क्लब की ओर से एकमात्र विकेट अमित गोप को मिला.
आज का मैच:
एसआर रुंगटा ग्रुप का मुकाबला चाईबासा क्रिकेट क्लब से होगा.एकतरफा मैच में बिरसानगर ने किंग-11 को आठ विकेट से हराया
गुवा. गुवा के सेल मैदान में आयोजित पांच दिवसीय यूथ क्रिकेट चैंपियनशिप के चौथे दिन बिरसानगर और किंग-11 के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ. मैच को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह देखा गया. पूरे समय मैदान में रोमांच बना रहा. टॉस जीतकर बिरसानगर की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए किंग-11 की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 65 रन बनायी. टीम के बल्लेबाजों ने संघर्षपूर्ण पारी खेली, पर बिरसानगर के गेंदबाजों ने सधी हुई गेंदबाजी कर रन गति पर नियंत्रण बनाये रखा. लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिरसानगर की टीम ने आक्रामक शुरुआत की. टीम के बल्लेबाजों ने तेज रन बटोरते हुए मात्र 4 ओवर में 2 विकेट खोकर 66 रन बना लिए और लक्ष्य हासिल कर लिया. इस प्रकार बिरसानगर टीम ने मैच अपने नाम कर लिया. जीत के साथ खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गयी. प्रतियोगिता के सफल आयोजन में झारखंड युवा मोर्चा का अहम योगदान रहा.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










