Chaibasa News : आम के बगीचे में काम कर रहे दो लोगों पर भालू ने किया हमला, गंभीर
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 30 Jan 2026 12:06 AM
बेहतर इलाज के लिए क्योंझर में भर्ती कराया गया
जैंतगढ़. चंपुआ रेंज के बालीबांध जंगल अंतर्गत धनारी खमन गांव में गुरुवार सुबह जंगली भालू ने दो ग्रामीणों पर हमला कर दिया. हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, अरशाला पंचायत के दुर्गापुर के समीप स्थित घने जंगल में भालू सहित अन्य जंगली जानवरों का आवास है. इसी जंगल से निकलकर एक भालू धनारी खमन गांव के पास स्थित आम के बगीचे में पहुंच गया. धनारी खमन गांव निवासी नयंत जाप महानता की पत्नी रतनी महानता (57) और श्रीराम मुंडा (25) गुरुवार सुबह आम के बगीचे में काम कर रहे थे. इसी दौरान भालू पेड़ से नीचे उतरा और दोनों पर हमला कर दिया. हमले में रतनी महानता के सीने, हाथ और गर्दन पर गंभीर चोटें आयी है, जबकि श्रीराम मुंडा के हाथ और पैर में चोटें लगी हैं.
इलाज के लिए झुमपुरा सीएचसी ले गये परिजन:
घटना के बाद परिजनों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए झुमपुरा गोष्ठी हेल्थ सेंटर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया. रतनी महानता की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल क्योंझर रेफर किया गया है. वहीं प्राथमिक उपचार के बाद श्रीराम मुंडा को डॉक्टरों ने घर भेज दिया. ग्रामीणों का कहना है कि दुर्गापुर और धनारी खमन गांव के लोग पहले भी कई बार भालू के हमलों का शिकार हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद वन विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










