परिवार का भविष्य संवारने हैदराबाद गए थे अनुज, अचानक हुई मौत से पसरा मातम
हैदराबाद के अस्पताल में अपने मृत पति के साथ पत्नी. | Prabhat Khabar Network
रोजगार की तलाश में हैदराबाद गए गुवा के अनुज बढ़ाइक की बीमारी से मौत. परिवार में पसरा मातम, पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल. जानें पूरी खबर.
गुवा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा स्थित जाटा हाटिंग निवासी 40 वर्षीय अनुज बढ़ाइक की हैदराबाद में इलाज के दौरान मौत हो गयी. 23 अगस्त 2026 को उनकी मौत की खबर मिलते ही गुवा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी. वहीं, परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
आपके शहर में
आर्थिक स्थिति सुधारने हैदराबाद गये थे अनुज
मिली जानकारी के अनुसार, अनुज बढ़ाइक अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बेहतर जीवन-यापन की उम्मीद में गुवा छोड़कर रोजगार की तलाश में हैदराबाद गये थे. वह पिछले करीब एक वर्ष से हैदराबाद के मदीनागोड्डा स्थित केसर होम में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत थे.
तीन महीने पहले पत्नी और बच्चों के साथ गये थे हैदराबाद
करीब तीन महीने पहले अनुज बढ़ाइक अपने घर गुवा आये थे. इसके बाद वह अपनी पत्नी और दो बच्चों को साथ लेकर दोबारा हैदराबाद चले गये थे. उनका उद्देश्य मेहनत-मजदूरी कर पत्नी और बच्चों का भविष्य बेहतर बनाना और परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार करना था.
लीवर की बीमारी से बिगड़ती चली गयी हालत
बताया गया कि अनुज बढ़ाइक की तबीयत बिगड़ने के बाद उनका इलाज चल रहा था. डॉक्टरों के अनुसार, उनका लीवर गंभीर रूप से खराब हो चुका था. लीवर संबंधी बीमारी के कारण उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गयी. इलाज के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और 23 अगस्त 2026 को उनकी मौत हो गयी.

पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गये अनुज
अनुज बढ़ाइक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के पीछे उनकी पत्नी और दो बच्चे रह गये हैं. परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बच्चों का भविष्य संवारने की उम्मीद में हैदराबाद गये अनुज की मौत से परिवार बेसहारा हो गया है. अनुज बढ़ाइक के निधन की खबर से गुवा के जाटा हाटिंग क्षेत्र में भी शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए