BOKARO NEWS : कोयला खदानों में काली पूजा की रही है परंपरा
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 26 Oct 2024 9:52 PM
BOKARO NEWS :कोयला खदानों में मां काली की पूजा करने की परंपरा रही है. खदानों के मुहाने पर मां काली का मंदिर स्थापित किया जाता रहा है.
बेरमो . बेरमो कोयलांचल की कोयला खदानों में मां काली की पूजा करने की परंपरा रही है. खदानों के मुहाने पर मां काली का मंदिर स्थापित किया जाता रहा है. प्राइवेट खान मालिकों के समय भी खान मालिक, मजदूर और अधिकारी मंदिर में सिर झुकाने के बाद ही खदान में प्रवेश करते थे. कई कोयला खदानों में काली पूजा करने का इतिहास सौ साल से भी ज्यादा पुराना है. 60-70 के दशक के बाद कई कोयला खदानों में हुए भयानक हादसे और इसमें सैकड़ों कोयला मजदूरों की मौत के बाद खदानों में काली पूजा करने का प्रचलन ज्यादा बढ़ा. एटक नेता लखनलाल महतो व सुजीत कुमार घोष कहते हैं कि कोयला मजदूर प्रकृति के खिलाफ काम करते हैं. मान्यता रही है कि खदानों में काम करने के दौरान मां काली उनकी रक्षा करती हैं. मालूम हो कि बेरमो कोयला क्षेत्र के ढोरी इंकलाइन में 28 मई 1965 को हुई भयानक माइंस दुर्घटना में करीब 265 कोयला मजदूर मारे गये थे.
कभी एक दर्जन यूजी माइंस में हुआ करती थी पूजा
बेरमो कोयला क्षेत्र में सीसीएल अंतर्गत बीएंडके, ढोरी व कथारा एरिया में लगभग एक दर्जन भूमिगत खदानें (इंकलाइन) हुआ करती थी. जिसमें बीएंडके एरिया अंतर्गत केएसपी फेज दो, बेरमो सीम इंकलाइन, कारो सीम इंकलाइन, करगली 70 फीट सीम इंकलाइन, खासमहल इंकलाइन. कथारा एरिया अंतर्गत स्वांग यूजी माइंस, जारंगडीह यूजी माइंल, गोविंदपुर फेज दो यूजी माइंस के अलावा ढोरी एरिया अंतर्गत ढोरी खास इंकलाइन के तहत 4,5,6 तथा 7,8,9 नंबर इंकलाइन के अलावा न्यू सलेक्टेड ढोरी (एनएसडी) आदि शामिल था. अब तीनों एरिया में मात्र दो इंकलाइन कथारा एरिया की गोविंदपुर यूजी माइंस तथा ढोरी एरिया की ढोरी खास इंकलाइन संचालित हैं. यहां हर साल धूमधाम से मां काली की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की जाती थी. बकरों की बलि दी जाती थी.
चर्चित थी बोकारो कोलियरी की पूजा
सीसीएल बीएंडके प्रक्षेत्र अंतर्गत सौ साल से ज्यादा पुरानी बोकारो कोलियरी की माइंसों में होने वाली काली पूजा चर्चित थी. बोकारो कोलियरी के दो नंबर, तीन नंबर व पांच नंबर खदान के अलावा पावर हाउस के निकट भव्य रूप से हर साल मां काली की पूजा प्रतिमा स्थापित कर की जाती थी. इसके अलावा करगली कोलियरी की एक नंबर व तीन नंबर खदान के अलावा 70 फीट सीम इंकलाइन के अलावा करगली सीम इंकलाइन में भी काली पूजा का आयोजन होता था. बाद में बेरमो सीम इंकलाइन तथा कारो सीम इंकलाइन में भी पूजा शुरू हुई. हर साल करगली इंकलाइन के मुहाने पर मां काली की प्रतिमा स्थापित की जाती थी. कई जगहों पर काली पूजा के दिन कई तरह की प्रदर्शनी भी लगायी जाती थी. इसमें कोयला खदान में किस तरह काम होता है, उसे दर्शाया जाता था. रात में इंकलाइन में काम करने वाले पीआर (पीस रेटेड) मजदूर बकरे की बलि दिया करते थे. करगली कोलियरी में अंग्रेज मैनेजर एमजी फेल तथा बोकारो कोलियरी में अंग्रेज मैनेजर बीडी टूली भी माइंस आकर मां काली का दर्शन कर प्रसाद ग्रहण करते थे.
कथारा व ढोरी की खदानों में भी वर्षों से हो रही पूजा
सीसीएल के कथारा व ढोरी एरिया की कई भूमिगत तथा खुली खदानों में वर्षों से मां काली की पूजा होती आ रही है. कथारा प्रक्षेत्र की जारंगडीह, स्वांग व गोविंदपुर इंकलाइन में हर साल धूमधाम से काली पूजा होती थी. स्वांग व जारंगडीह इंकलाइन वर्षों पहले बंद हो गयी. अब सिर्फ गोविंदपुर इंकलाइन में काली पूजा का आयोजन होता है. यहां वर्ष 1983 से काली पूजा की जा रही है. खदान के मुहाने पर मां काली का मंदिर है. ढोरी एरिया की एसडीओसीएम व कारीपानी के अलावा तीन नंबर इंकलाइन में भी काली पूजा की जाती थी. फिलहाल ढोरी खास इंकलाइन में काली पूजा की जाती है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










