पांच को बोकारो में पांच केंद्रों पर होगी नीट की परीक्षा, 2884 अभ्यर्थी होंगे शामिल

Updated at : 30 Apr 2024 12:00 AM (IST)
विज्ञापन
पांच को बोकारो में पांच केंद्रों पर होगी नीट की परीक्षा, 2884 अभ्यर्थी होंगे शामिल

- शांतिपूर्ण, कदाचार-मुक्त व सफल आयोजन की है पुख्ता तैयारी : सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. गंगवार

विज्ञापन

बोकारो.

डॉक्टर बनने का सपना संजोये विद्यार्थियों के लिए मेडिकल शिक्षण संस्थानों में दाखिले को लेकर आवश्यक परीक्षा नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट यानी नीट (यूजी) 2024 का आयोजन पांच मई (रविवार) को किया जायेगा. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित यह परीक्षा दोपहर दो से शाम 5:20 बजे तक ली जायेगी. बोकारो में पांच विद्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. एनटीए के सिटी कोऑर्डिनेटर व डीपीएस बोकारो के प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार ने सोमवार को बताया कि जिले में सभी पांचों सेंटरों को मिलाकर कुल 2884 अभ्यर्थी नीट की परीक्षा देंगे.

इन स्कूलों को बनाया गया है परीक्षा का केंद्र

सिटी कोआर्डिनेटर डॉ. गंगवार ने बताया कि सेक्टर- 4एफ स्थित एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल में 840, बालीडीह रेलवे कॉलोनी स्थित होली क्रॉस स्कूल में 720, सेक्टर-5 के गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल में 720, सेक्टर- 6 स्थित क्रिसेंट पब्लिक स्कूल में 480 व सेक्टर- 4 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस बोकारो) में 124 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा शांतिपूर्ण व कदाचार-मुक्त हो, इसके लिए पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है. सभी केंद्राधीक्षकों व पर्यवेक्षकों से समन्वय बनाकर परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर पूरी तैयारी की गयी है. परीक्षार्थी निर्धारित गाइडलाइन का अक्षरशः पालन करें.

मेटल डिटेक्टर व अनिवार्य गहन सुरक्षा-जांच होगी

नीट यूजी 2024 के टेस्ट पैटर्न में चार विषय शामिल हैं. प्रत्येक विषय में दो खंड होंगे. सेक्शन-ए में 35 प्रश्न होंगे. सेक्शन-बी में 15 प्रश्न होंगे. इन 15 प्रश्नों में से उम्मीदवार कोई भी 10 प्रश्न चुन सकते हैं. अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर मेटल डिटेक्टर व अनिवार्य गहन सुरक्षा-जांच से गुजरना होगा. वह निजी पारदर्शी वाटर बोतल, परीक्षा संबंधी दस्तावेज (फोटो चिपका हुआ एडमिट कार्ड, असली वैध सरकारी पहचान पत्र), अटेंडेंस शीट पर चिपकाने के लिए पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ, पीडब्ल्यूडी सर्टिफिकेट (यदि उपयुक्त हो) सहित उनके एडमिट कार्ड में वर्णित अनुमति वाली चीजें ही ले जा सकेंगे.

केंद्र पर इन चीजों को ले जाने की मनाही

परीक्षा हॉल में कोई भी मुद्रित या लिखित पाठ्य सामग्री, कागज का टुकड़ा, ज्योमेट्री या पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, पेन, स्केल, राइटिंग पैड, पेन ड्राइव, इरेजर, लॉग टेबल, ई-पेन, स्कैनर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, इयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, हेल्थ बैंड, वॉलेट, गोगल्स, हैंडबैग, बेल्ट, टोपी, एटीएम/क्रेडिट/डेबिट कार्ड, प्लास्टिक आईडी कार्ड, कोई भी रिमोट वाली चाबी, कोई भी घड़ी (स्मार्ट वॉच या एनालॉग), कैमरा, वाइटनर, धातु की कोई भी वस्तु या खाद्य पदार्थ अपने साथ परीक्षार्थी नहीं ले जा सकेंगे. केवल डायबिटीज पीड़ित कैंडिडेट फल, शुगर टैबलेट या कैंडी ही ले जा सकेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola