आईटीआई मोड़ पर कचरा डंपिंग से भड़का लोगों का गुस्सा, सड़क जाम कर जताया विरोध
आईटीआई मोड़ से कचरा को हटाता जेसीबी
चास नगर निगम क्षेत्र में कचरा डंपिंग की समस्या ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों का गुस्सा भड़का दिया है. आईटीआई मोड़ के पास सड़क तक फैले कचरे और दुर्गंध से लोग परेशान होकर सड़क पर उतर आए और विरोध जताया. नगर निगम से स्थायी समाधान की मांग की जा रही है.
चास नगर निगम क्षेत्र में कचरा डंपिंग को लेकर शनिवार को स्थानीय लोगों और दुकानदारों का गुस्सा फूट पड़ा. आईटीआई मोड़ फोरलेन चौक के पास लगातार कचरा डंप किये जाने से परेशान लोगों ने कुछ देर तक सड़क जाम कर विरोध जताया. सड़क जाम की सूचना पर ट्रैफिक पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया.
आपके शहर में
सड़क तक फैल रहा कचरा, बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से रोजाना यहां कचरा लाकर डंप किया जा रहा है. धीरे-धीरे कचरा मुख्य सड़क तक फैल गया है. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है. सड़क किनारे कचरा जमा होने के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है.
दुर्गंध से दुकानदार और आसपास के लोग परेशान
कचरे से निकल रही तेज दुर्गंध के कारण आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही है. लोगों का कहना है कि लंबे समय से यहां कचरा डंप किया जा रहा है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई. लोगों ने नगर निगम से तत्काल कचरा डंपिंग पर रोक लगाने और जमा कचरा हटाने की मांग की.
निगम कार्यालय से महज 300 मीटर दूर है डंपिंग स्थल
स्थानीय लोगों ने बताया कि कचरा डंपिंग स्थल चास नगर निगम कार्यालय से महज 300 मीटर की दूरी पर है. मौके पर वाहन चेकिंग कर रहे ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी ने भी लोगों की समस्या को जायज बताया और जल्द समाधान की बात कही.
जेसीबी से सड़क किनारे का कचरा हटाया गया
विरोध के कुछ देर बाद नगर निगम की जेसीबी मौके पर पहुंची. जेसीबी की मदद से सड़क किनारे डंप किये गये कचरे को हटाकर पीछे की ओर डंप किया गया. हालांकि, स्थानीय लोगों ने कचरा डंपिंग की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में सड़क पर कचरा फैलने और दुर्गंध की समस्या से लोगों को राहत मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए