Bokaro News: नियमित नहीं होता कचरा उठाव, नाली नहीं बनने से सड़क पर रहता है जलजमाव
Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 09 Feb 2026 11:14 PM
Bokaro News: चास नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या दो का हाल : निगम को राजस्व की वसूली तो हो रही है, लेकिन लोगों को सभी प्रकार की सुविधा नहीं मिल रही है.
चास, चास नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या दो स्थित वास्तु विहार फेज दो, आशियाना फेज चार, मुख्य पथ चीराचास, चाणक्यपुरी, कलिका विहार से निगम को राजस्व की वसूली तो हो रही है, लेकिन लोगों को सभी प्रकार की सुविधा नहीं मिल रही है. इससे लोगों को कई प्रकार की समस्याएं होती है. वार्ड की आबादी लगभग 20 हजार है जबकि मतदाताओं की संख्या करीब साढ़े नौ हजार है. वर्ष 2020 में नगर निगम बोर्ड भंग हो गया था. इसके बाद छह साल से निगम प्रशासक की देखरेख में काम हो रहा है, लेकिन वार्ड क्षेत्र की समस्याओं का समाधान पूरी तरह नहीं हुआ.
स्थानीय निवासी अनिता पाठक, कुंदन शुक्ला, एसएन सिंह, राजीव रंजन, कविता सिंह, अंजली कुमारी, रेणु पांडेय, सीमा देवी, कविता कर्ण, रजनी सिन्हा, रूपम सहित अन्य ने कहा कि वार्ड क्षेत्र में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है. नियमित कचरा का उठाव नहीं होता, जगह-जगह कचरा डपिंग होने से लोगों को बहुत परेशानी होती है. ज्यादा कचरा जमा होने पर सफाई कर्मी आग लगा देते है. धुएं से अगल-बगल की कॉलोनी के लोग और राहगीरों को बहुत दिक्कत होती है. नाली नहीं बनने से सालों भर सड़क पर पानी बहता है, जिससे पैदल आने जाने वाले लोगों को ज्यादा दिक्कत होती है. पानी जमा होने के कारण सड़क पर जगह- जगह गड्ढे बन गये हैं. कहा कि वास्तु विहार फेज दो में निगम जलापूर्ति योजना के पाइपलाइन का विस्तार नहीं हुआ है, जिससे लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल नहीं मिल पाता है. खासकर गर्मी में ज्यादा परेशानी होती है. जिस कॉलोनी में जलापूर्ति का पानी आता है, वहां पीने लायक नहीं होता है. कई बार चास नगर निगम में इस संबंध में आवेदन दिया गया, लेकिन अभी तक सकारात्मक पहल नहीं हुई.सिंगारी जोरिया की सफाई जरूरी
लोगों ने कहा कि चीरा चास होते हुए सिंगारी जोरिया निकलती है. कभी जोरिया का पानी साफ हुआ करता था, लेकिन वर्तमान में पूरी जोरिया गंदगी से भरा हुई है. अगर बारिश के पूर्व जोरिया की सफाई नहीं हुई, तो आधे चीरा चास में जल जमाव हो जायेगा. कहा कि एक वर्ष पूर्व जोरिया में बाढ़ आने से दर्जनों कॉलोनियों का जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया था. लोगों ने कहा कि जोरिया का अतिक्रमण भी किया गया है, जिस कारण भी परेशानी हो रही है.मुख्य पथ पर रोज लगता है जाम
चीरा चास की आबादी धीरे-धीरे बढ़ती जा रही है, लेकिन सुविधा नहीं बढ़ रहा है. कहा कि मुख्य सड़क से लोगों का आवागमन बढ़ गया है, लेकिन सड़क की चौड़ाई नहीं बढ़ी है. रुद्र प्रिया अपार्टमेंट से सिटी मॉल तक रोज हर घंटे जाम लगता है. जाम से मुक्ति दिलाने के लिए प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को चीरा चास मुख्य पथ के चौड़ीकरण की दिशा में पहल करने की जरूरत है.
पूर्व वार्ड पार्षद का दावा
वार्ड 02 के पूर्व पार्षद सुनील महतो ने कहा कि अपने कार्यकाल में वार्ड क्षेत्र में कई विकास कार्य किये हैं. चीरा चास मुख्य पथ का निर्माण कराया. साथ ही प्रजापति चौक से भर्रा तक सड़क का निर्माण हुआ. लगभग 200 से ज्यादा जरूरतमंदों का आवास बना और स्ट्रीट लाइट भी लगायी गयी और सफाई व्यवस्था दुरुस्त की गयी, लेकिन अभी भी बहुत कार्य बाकी है. निगम में पिछले छह साल से प्रशासक राज्य चल रहा है. सभी लोगों को जलापूर्ति का पानी नहीं मिल पाया है. चुनाव के बाद जैसे ही बोर्ड का गठन होगा लोगों की सभी समस्या दूर होगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










