Bokaro News: बीएसएल : फरवरी में नौ अधिकारी व 47 कर्मी हुए सेवानिवृत्त
Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 28 Feb 2026 11:33 PM
Bokaro News: बीएसएल के मानव संसाधन के ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के मेन ऑडिटोरियम में विदाई समारोह का आयोजन.
बोकारो, बोकारो स्टील प्लांट से फरवरी-2026 में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के लिए मानव संसाधन के ज्ञानार्जन व विकास विभाग के मेन ऑडिटोरियम में विदाई समारोह का आयोजन किया गया. प्लांट से नौ अधिशासी व 47 अनाधिशासी कर्मी सेवानिवृत्त हो रहे हैं. मुख्य अतिथि अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनूप कुमार दत्त ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को उनकी निष्ठा, समर्पण व उत्कृष्ट सेवाओं के लिए बधाई दी. कर्मियों को सेवा प्रमाण पत्र व उपहार दिये. कार्यक्रम का संचालन व धन्यवाद ज्ञापन सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन) डॉ नंदा प्रियदर्शिनी ने किया. बीएसएल निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी, अधिशासी निदेशक (माइंस) विकास मनवटी ने सेवानिवृत्ति कर्मियों व उनके परिजनों से मुलाकात की. मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) अंजनी कुमार शरण ने अतिथियों का स्वागत किया.
प्रैक्टिकल लीडरशिप इमर्शन प्रोग्राम लॉन्च
बीएसएल ने नेतृत्व विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए शनिवार को ‘प्रैक्टिकल लीडरशिप इमर्शन प्रोग्राम’ की औपचारिक शुरुआत की. यह कार्यक्रम बीएसएल में अनुभवात्मक नेतृत्व पहल है, जिसे उभरती नेतृत्व क्षमता और वास्तविक संगठनात्मक निर्णय लेने की प्रक्रिया के बीच के सेतु के रूप में तैयार किया गया है. कार्यक्रम की शुरुआत सुरक्षा शपथ के साथ हुई. मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग की ओर से संयंत्र के ज्ञानार्जन एवं विकास केंद्र के मुख्य प्रेक्षागृह में आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि निदेशक प्रभारी ने प्रोग्राम को लॉन्च किया. निदेशक प्रभारी ने अपने संबोधन में इस बात पर बल दिया कि वर्तमान डिजिटल युग और परिचालन जटिलताओं के दौर में नेतृत्व अब केवल सैद्धांतिक नहीं रह सकता, इसे अनुभवात्मक और सहानुभूतिपूर्ण होना चाहिए. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘पीएलआईपी’ ऐसे नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने में मील का पत्थर साबित होगा, जो रणनीतिक सोच के साथ जिम्मेदारी से कार्य करेंगे. अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) बनर्जी राजश्री ने इसे भविष्य की चुनौतियों के लिए कार्यबल को तैयार करने की दिशा में एक प्रभावी कदम बताया. सत्र के दौरान मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास) नीता बा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया. कार्यक्रम की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला. सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास) अमित आनंद ने प्रोग्राम के मूल दर्शन, संरचना व कार्यान्वयन के रोडमैप पर विस्तृत प्रस्तुति दी. बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उभरते हुए लीडर्स को उच्च-स्तरीय निर्णय लेने की प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है, ताकि निर्णयों के पीछे के रणनीतिक उद्देश्यों व उनके दूरगामी प्रभावों को गहराई से समझ सकें. यह पहल अनुभवात्मक शिक्षण को नेतृत्व विकास के मुख्य तत्व के रूप में स्थापित कर भविष्य के लीडर्स को तैयार करने की दिशा में बोकारो इस्पात संयंत्र की दूरगामी दृष्टि को दर्शाती है. इस कार्यक्रम के माध्यम से संयंत्र में प्रबंधकीय कौशल और निर्णय लेने की क्षमता का सुदृढ़ीकरण होगा, जो उत्पादकता में वृद्धि के साथ-साथ बोकारो इस्पात संयंत्र की संगठनात्मक उत्कृष्टता और सुरक्षित कार्य-संस्कृति को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा. मौके पर अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) बनर्जी राजश्री, अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनूप कुमार दत्त, विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक व अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










