ePaper

50 मामले दर्ज हैं ढुलू पर, चार में मिल चुकी है सजा : सरयू राय

Updated at : 14 Apr 2024 1:17 AM (IST)
विज्ञापन
50 मामले दर्ज हैं ढुलू पर, चार में मिल चुकी है सजा : सरयू राय

50 मामले दर्ज हैं ढुलू पर, चार में मिल चुकी है सजा : सरयू राय

विज्ञापन

भाजपा के सिद्धांत का क्या हुआ, सब देख रहे हैं संवाददाता, बोकारो पूर्वी जमशेदपुर के निर्दलीय विधायक सरयू राय ने एक बार फिर बाघमारा विधायक और धनबाद लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी ढुलू महतो पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा : भाजपा ने जिस प्रत्याशी को धनबाद लोकसभा से उतारा है, उन पर 50 मुकदमे दर्ज हैं. चार मामलों में सजा मिल चुकी है. दो मामले में सुनवाई चल रही है. इडी की जांच भी चल रही है. सिटी सेंटर स्थित एक निजी होटल में शनिवार को प्रेस से बात करते हुए श्री राय ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी न सिर्फ कोयला व्यवसायियों से रंगदारी लेते हैं, बल्कि मजदूरों का पैसा भी रंगदारी के तौर पर रख लिया जाता है. डीओ होल्डर से प्रति टन 1800 रुपया रंगदारी ली जाती है. 2018 में यह रकम 800 रुपये प्रति टन थी. 2018 में इसका विरोध जमशेदपुर से जुड़े कोयला व्यापारियों ने किया था. 50 से अधिक व्यापारियों ने विरोध दर्ज किया था, इसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास व पुलिस प्रशासन ने अवैध वसूली पर रोक लगाने की बात कही थी. अबकी बार 399 पार से भी मोदी जी हर संकल्प को कर सकते हैं पूरा : श्री राय ने कहा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के लिए 400 पार का लक्ष्य तय किया है. लेकिन, 399 सीट जीत कर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर संकल्प को पूरा कर सकते हैं. श्री राय ने 1965 चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस चुनाव में पं दीनदयाल उपाध्याय उम्मीदवार थे, क्षेत्र ब्राह्मण बहुल था. राममनोहर लोहिया ने पंडित जी से चुनाव को जाति से जोड़ने की बात कही. इस पर पं दीनदयाल उपाध्याय ने कहा : ऐसा कर मैं चुनाव तो जीत जाऊंगा लेकिन, मेरा सिद्धांत हार जायेगा. एक ओर 1965 का चुनाव और दूसरी तरफ 2024 का चुनाव भाजपा के सिद्धांत का क्या हुआ, सब देख रहे हैं. श्री राय ने कहा : टिकट बंटवारे में कई बार गड़बड़ी हो जाती है. लेकिन, विचार परिवार की जिम्मेदारी होती है कि वह गलती को सुधारे. श्री राय ने कहा: इस गलती को सुधारने में मेरी क्या भूमिका होगी, यह मुझे विभिन्न माध्यम से बताया जा रहा है. श्री राय ने कहा : जिस दिन विचार परिवार व लोगों की ओर से मुझे धनबाद से प्रत्याशी बनाया जायेगा, उसी दिन निजी संपत्ति का ब्यौरा प्रस्तुत करूंगा. श्री राय ने इस दौरान भाजपा प्रत्याशी ढुलू महतो व उनके बेटा के नाम से खरीदी गयी जमीन का भी जिक्र किया. प्रिंस खान को गिरफ्तार कर परेड कराये भारत सरकार : श्री राय ने कहा : ढुलू महतो का विरोध करने पर उन्हें प्रिंस खान से धमकी मिली है. प्रिंस खान जैसे अपराधी, जो विदेश में छिप कर विभिन्न लोगों को धमकी देता है, उसे भारत सरकार गिरफ्तार करे. ऐसे अपराधी को गिरफ्तार कर जनता के सामने परेड कराना चाहिए, जैसे कि उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ करते हैं. श्री राय ने कहा : ढुलू महतो के प्रत्याशी बनने से धनबाद की जनता में भय का माहौल है. भाजपा नेता लक्ष्मीकांत वाजपेयी पर कसा तंज : श्री राय ने भाजपा नेता लक्ष्मीकांत वाजपेयी के बयान पर तंज कसा. श्री राय ने कहा : लक्ष्मीकांत वाजपेयी कहते हैं कि सरयू राय अपना ज्ञान व अपनी दुकान अपने पास रखें, लेकिन मेरा मानना है कि ज्ञान बांटने से बढ़ता है. अगर किसी को कहीं से ज्ञान मिलता है, तो उसे ग्रहण करने के लिए तत्पर रहना चाहिए, लेकिन, वर्तमान दौर में कुछ नेताओं में इस जानकारी की कमी लग रही है. जगन्नाथ शाही से मिल ली सेहत की जानकारी : इधर, सरयू राय ने विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय प्रन्यासी जगन्नाथ शाही से उनके आवास में मुलाकात की. जगन्नाथ शाही के सेहत के बारे में जानकारी व आशीर्वाद लिया. बताते चलें कि पिछले दिनों भोपाल में जगन्नाथ शाही दुर्घटनाग्रस्त हो गये थे, इस कारण उनके पैर में चोट लगी थी. मौके पर भारतीय जनतंत्र मोर्चा के जिलाध्यक्ष पंकज राय, केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी व अन्य मौजूद थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola