रांची के सरहुल नगर में महिला के गले से सोने की चेन झपटी, CCTV खंगाल रही पुलिस
बरियातू थाना, रांची
रांची के सरहुल नगर में सुबह स्कूल जाते समय एक महिला से बाइक सवार दो अपराधियों ने सोने की चेन छीन ली. घटना के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से अपराधियों की तलाश कर रही है. इस घटना से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट
रांची. बरियातू थाना क्षेत्र के सरहुल नगर में गुरुवार की सुबह बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गये. घटना सुबह करीब साढ़े छह बजे की है. पीड़ित महिला गुड्डू गोयल (32) पेबल-बे अपार्टमेंट में रहती हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद बरियातू पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
स्कूल बस स्टॉपेज से लौटते समय हुई घटना
महिला रोजाना की तरह गुरुवार सुबह अपने बच्चे को स्कूल बस में चढ़ाने के लिए गयी थीं. बच्चे को बस में बैठाने के बाद वह वापस अपार्टमेंट की ओर लौट रही थीं. इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधी उनके करीब पहुंचे.
महिला के मुताबिक, दोनों अपराधी हेलमेट पहने हुए थे. बाइक पर पीछे बैठे अपराधी ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली. महिला जब तक कुछ समझ पाती, दोनों अपराधी बाइक से तेजी से फरार हो गये.
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
घटना के बाद बरियातू पुलिस ने अपार्टमेंट और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिये हैं. पुलिस फुटेज के माध्यम से बाइक सवार अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. घटना को लेकर पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है.
सुबह की घटना से इलाके में चिंता
सुबह के समय हुई चेन छिनतई की घटना से सरहुल नगर के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए