Watch Video: अंडरग्राउंड रोड से एक्सप्रेसवे तक... बिहार की तस्वीर बदलेंगी चार बड़ी परियोजनाएं, DPR पर खर्च होंगे 100 करोड़

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बिहार में 4 बड़ी सड़क परियोजनाओं से बदलेगी तस्वीर. 336 किमी एक्सप्रेसवे, गंगा-गंडक कॉरिडोर, विश्वामित्र पथ और पटना में अंडरग्राउंड सड़क की योजना. DPR पर 100 करोड़ खर्च.

विज्ञापन

Bihar Road Projects : बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को नयी रफ्तार देने के लिए सरकार चार बड़ी परियोजनाओं पर काम कर रही है. इनमें बक्सर से भागलपुर तक छह लेन का एक्सप्रेसवे, गंगा और गंडक किनारे दो नये सड़क कॉरिडोर तथा राजधानी पटना में अंडरग्राउंड सड़क बनाने की योजना शामिल है. इन चारों परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कराने के लिए पथ निर्माण विभाग निविदा की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है. राज्य कैबिनेट से इन योजनाओं के शुरुआती कार्यों को मंजूरी मिल चुकी है. इन रिपोर्टों को तैयार कराने पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च होंगे.

विज्ञापन

इन परियोजनाओं के पूरा होने से बिहार के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा. वहीं, बक्सर, भोजपुर, सारण और गोपालगंज के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने के साथ राजधानी पटना में यातायात का दबाव कम करने की दिशा में भी पहल होगी.

बक्सर से भागलपुर तक 336 किमी लंबा छह लेन एक्सप्रेसवे

चारों परियोजनाओं में सबसे बड़ी योजना बक्सर से भागलपुर तक छह लेन का एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे बनाने की है. इसकी कुल लंबाई करीब 336 किलोमीटर होगी. यह पूरी तरह ग्रीनफील्ड एलाइनमेंट पर आधारित होगा, यानी इसके लिए नया मार्ग विकसित किया जायेगा.

राज्य सरकार के स्तर पर इस एक्सप्रेसवे का निर्माण कराया जाना है. इसके डीपीआर और ट्रांजैक्शन एडवाइजर के चयन के लिए 66.58 करोड़ रुपये खर्च करने की कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है. इस परियोजना के धरातल पर उतरने से बिहार के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के बीच आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है.

बक्सर से मनेर तक बनेगा 90 किमी लंबा विश्वामित्र पथ

दूसरी महत्वपूर्ण परियोजना विश्वामित्र पथ है. इसके तहत बक्सर से आरा होते हुए मनेर तक करीब 90 किलोमीटर लंबी सड़क बनायी जायेगी. इस मार्ग को जेपी गंगा पथ से भी संपर्कता देने की योजना है. इससे बक्सर और भोजपुर के लोगों को पटना पहुंचने में सहूलियत होगी.

विश्वामित्र पथ की डीपीआर तैयार कराने पर 2.60 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इसके लिए भी राज्य कैबिनेट से स्वीकृति मिल चुकी है.

गंडक किनारे बनेगा 73.51 किमी लंबा नारायणी पथ

तीसरी परियोजना नारायणी पथ के रूप में विकसित की जायेगी. प्रस्तावित फोरलेन सड़क की लंबाई 73.51 किलोमीटर होगी. यह सड़क सारण जिले के दरिहारा से शुरू होकर गंडक नदी के किनारे होते हुए गोपालगंज के डुमरिया घाट तक जायेगी.

इस कॉरिडोर को सोनपुर के प्रसिद्ध हरिहरनाथ मंदिर कॉरिडोर से भी जोड़ने की योजना है. इससे धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी. इस परियोजना की डीपीआर तैयार कराने पर 2.10 करोड़ रुपये खर्च करने की अनुमति मिली है. इसका निर्माण बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (बीएसआरडीसी) की देखरेख में कराया जाना है. कॉरपोरेशन की ओर से हर महीने परियोजना की मॉनीटरिंग भी की जायेगी.

पटना में आर-ब्लॉक से कंकड़बाग तक बनेगी अंडरग्राउंड सड़क

चौथी परियोजना राजधानी पटना से जुड़ी है. शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए आर-ब्लॉक से कंकड़बाग तक भूमिगत सड़क बनाने की योजना पर विचार किया जा रहा है. इसके अलावा डाकबंगला चौराहे के आसपास भी अंडरग्राउंड सड़क की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं.

इस परियोजना की तकनीकी व्यवहार्यता और निर्माण की संभावनाओं का आकलन करने के लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करायी जायेगी. इसके लिए 18.21 करोड़ रुपये खर्च करने की स्वीकृति दी गयी है. रिपोर्ट में यह देखा जायेगा कि पटना जैसे घनी आबादी वाले शहर में भूमिगत सड़क का निर्माण कितना व्यावहारिक होगा.

रिपोर्ट तैयार होने के बाद आगे बढ़ेगा काम

चारों परियोजनाएं फिलहाल डीपीआर और फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कराने के चरण में हैं. पथ निर्माण विभाग इसके लिए निविदा की तैयारी कर रहा है. विशेषज्ञों की रिपोर्ट आने के बाद निर्माण की तकनीकी रूपरेखा और आगे की प्रक्रिया तय होगी. इन योजनाओं में एक्सप्रेसवे से लेकर नदी किनारे सड़क कॉरिडोर और भूमिगत मार्ग तक शामिल हैं. ऐसे में इनके आगे बढ़ने से राज्य के सड़क नेटवर्क में बड़े बदलाव की संभावना है.

PM मोदी के आने से पहले नीतीश कुमार से मिले CM सम्राट, 21 नवंबर को होगा सिक्स लेन पुल का उद्घाटन

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन