निजी अस्पतालों पर जांच के दौरान मिली कई खामियां, एक जांच घर से रेडियोलॉजिस्ट फरार
Published by : RAJEEV KUMAR JHA Updated At : 04 Jun 2026 6:36 PM
मामले को जांच रिपोर्ट में शामिल कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को अवगत कराया जाएगा
वीरपुर
जिला मुख्यालय से प्राप्त सूची के आधार पर गुरुवार दोपहर बसंतपुर प्रखंड स्तरीय संयुक्त टीम ने नगर क्षेत्र के विभिन्न निजी अस्पतालों एवं डायग्नोस्टिक केंद्रों में छापेमारी कर जांच-पड़ताल की. टीम ने संस्थानों के निबंधन, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन तथा अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता की जांच की.छापेमारी दल में बसंतपुर अंचलाधिकारी हेमंत कुमार, अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ सुशील कुमार, थानाध्यक्ष राज किशोर मंडल एवं अस्पताल प्रबंधक अविनाश कुमार शामिल थे. संयुक्त टीम ने गोल चौक स्थित सूर्या डायग्नोस्टिक एवं आरके लैब, बसंतपुर रोड स्थित सिटी हॉस्पिटल, दिग्घी पुल के समीप लोटस हॉस्पिटल व विश्वकर्मा चौक स्थित कोसी उपचार केंद्र एवं आस्था हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर सहित कई निजी स्वास्थ्य संस्थानों में जांच अभियान चलाया. जांच के दौरान अस्पतालों से उनके निबंधन संबंधी दस्तावेज, बायोमेडिकल वेस्ट के निष्पादन की व्यवस्था तथा फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता एवं वैधता की जानकारी ली गई.
सभी संस्थानों की जांच पूरी, रिपोर्ट भेजी जाएगी जिला मुख्यालय को
अनुमंडल अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ सुशील कुमार ने बताया कि जिला स्तर से प्राप्त निर्देश के आलोक में संयुक्त टीम द्वारा जांच अभियान चलाया गया है. सभी संस्थानों की जांच पूरी कर ली गई है तथा इसकी विस्तृत रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेजी जाएगी. वहीं, बसंतपुर सीओ हेमंत कुमार ने बताया कि गोल चौक स्थित सूर्या डायग्नोस्टिक में अल्ट्रासाउंड मशीन तो पाई गई, लेकिन उसे संचालित करने वाले रेडियोलॉजिस्ट जांच के दौरान मौके पर उपस्थित नहीं थे. मामले को जांच रिपोर्ट में शामिल कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को अवगत कराया जाएगा.
स्वास्थ्य संस्थानों में मचा हड़कंप
संयुक्त टीम की अचानक हुई छापेमारी से नगर क्षेत्र के निजी अस्पतालों और डायग्नोस्टिक केंद्रों में हड़कंप की स्थिति बनी रही. जांच के दौरान कई संस्थानों के संचालक आवश्यक कागजात प्रस्तुत करने में जुटे दिखे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










