सीवान के तरवारा में 23 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या, स्कूल के पास मिला शव
घटना स्तर पर उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
जीबी नगर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर खमहौरी गांव में एक 23 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. राजकीय मध्य विद्यालय के पास मिले शव ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है. इस घटना में दो अन्य युवक भी घायल हुए हैं.
Murder of a young man: जीबी नगर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर खमहौरी गांव में सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब राजकीय मध्य विद्यालय के दक्षिण करीब 50 मीटर की दूरी पर एक युवक का शव मिला. युवक की चाकू से गोदकर हत्या करने के बाद शव को वहां फेंके जाने की बात सामने आ रही है.
मृतक की पहचान पांडेयपुर खमहौरी गांव निवासी लालबाबू यादव के 23 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार यादव के रूप में हुई है. सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने स्कूल के पास शव पड़ा देखा. घटनास्थल पर खून के निशान, चाकू और करीब 10 जोड़ी चप्पलें भी मिलीं. इसके बाद ग्रामीणों ने शोर मचाकर लोगों को जानकारी दी. देखते ही देखते मौके पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी.
एफएसएल टीम के साथ पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष रामशंकर साह पुलिस बल और एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे. टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की.
दो अन्य युवक भी चाकू लगने से घायल
पुलिस के अनुसार, इस घटना में मृतक रोहित कुमार यादव के अलावा दो अन्य युवक भी चाकू लगने से घायल हुए हैं. मामले में परिजनों के बयान के आधार पर पांडेयपुर खमहौरी गांव निवासी रंजन लाल यादव के पुत्र रोहित कुमार समेत दो अन्य युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है. घटना में शामिल अन्य लोगों और वारदात के क्रम की भी जांच की जा रही है.
गांव में पसरा सन्नाटा, दबी जुबान हो रही चर्चा
घटना के बाद गांव में तनाव और भय का माहौल है. ग्रामीण घटना को लेकर खुलकर कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं. वहीं, गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारण और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए