सीवान: तेतहली महावीरी मेला में डीजे-आर्केस्ट्रा पर रोक, धारदार हथियारों के प्रदर्शन पर भी प्रतिबंध
शांति समिति की बैठक में अधिकारी और ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
तेतहली महावीरी मेला को शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन ने डीजे, आर्केस्ट्रा और हथियारों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई।
Siwan News : सिवान के बड़हरिया प्रखंड के ऐतिहासिक तेतहली महावीरी अखाड़ा मेला को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को तेतहली बाजार स्थित शिव मंदिर परिसर में शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने लाइसेंसधारियों और ग्रामीणों के साथ मेला की तैयारियों पर चर्चा की.
डीजे और आर्केस्ट्रा पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता बीडीओ संदीप कुमार, थानाध्यक्ष छोटन कुमार और सीओ मनीष कुमार ने की. अधिकारियों ने जिला प्रशासन के निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि महावीरी मेला के दौरान डीजे और आर्केस्ट्रा पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. सभी लाइसेंसधारियों और ग्रामीणों से प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की गयी.
जुलूस में हथियारों के प्रदर्शन पर भी रोक
अधिकारियों ने बताया कि महावीरी अखाड़ा जुलूस के दौरान धारदार और घातक हथियारों के प्रदर्शन पर भी प्रतिबंध रहेगा. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मेला और जुलूस के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. किसी भी तरह के विवाद या अप्रिय स्थिति से बचने के लिए नियमों का पालन जरूरी है.
जुलूस रूट की समस्याओं का होगा समाधान
बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने निर्धारित जुलूस मार्ग में आने वाली संभावित समस्याओं की जानकारी ग्रामीणों और लाइसेंसधारियों से ली. ग्रामीणों की ओर से बतायी गयी समस्याओं को समय रहते दूर करने का आश्वासन दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि जुलूस के दौरान किसी भी अखाड़े को परेशानी नहीं हो, इसके लिए रूट का निरीक्षण कर जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी.
21 सितंबर की रात निकलेगा अखाड़ों का जुलूस
बताया गया कि 21 सितंबर की रात महावीरी अखाड़ों के जुलूस का नगर भ्रमण होगा. वहीं, 22 सितंबर को तेतहली बाजार में विभिन्न अखाड़ों का मिलन होगा. इस दौरान तेतहली पश्चिम टोला, तेतहली पूरब टोला, तेतहली दक्षिण टोला, छतीसी और बसावनबारी के अखाड़ा जुलूस में शामिल होंगे.
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
बैठक में अपर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार तिवारी के अलावा रमेश सिंह, विकास सिंह, दिलीप सिंह, लालबाबू साह, दीपक सिंह, संतोष सिंह, रमेंद्र सिंह, उमेश साह, आलोक यादव, जीतेंद्र यादव, महेश कुशवाहा, रामनाथ सिंह और मुकेश यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए