सीवान में सुबह सुबह बड़ा हादसा, 22 चक्का ट्रक एक घर में घुसा, एक की हालत गंभीर
घर में घुसी ट्रक
Siwan Road Accident: एनएच-331 पर मलमलिया की ओर से आ रही एक 22 चक्का ट्रक हादसे की शिकार हो गई. अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक घर में जा घुसी. घटना बुधवार की सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है.
Siwan Road Accident: (भगवानपुर हाट से रंजीत कुमार यादव की रिपोर्ट)
आपके शहर में
एनएच-331 पर मलमलिया की ओर से आ रही एक 22 चक्का ट्रक हादसे की शिकार हो गई. अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक घर में जा घुसी. घटना बुधवार की सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है. जिस घर में ट्रक घुसी उनकी पहचान सारण जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र स्थित फारूक अंसारी के रुप में हुई है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में बाहर निकल आए.
बाल-बाल बची लोगों की जान
इस भीषण हादसे में बड़ी राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई. हालांकि घर के बगल में मौजूद इमामुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए भगवानपुर हाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. हादसे में घर को भी भारी नुकसान पहुंचा है.
हादसे के बाद चालक और खलासी फरार
घटना के बाद मौके का फायदा उठाकर ट्रक चालक और खलासी फरार हो गए. सूचना मिलते ही सहाजीतपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जाता है कि घटना स्थल भगवानपुर हाट से सटा गांव है, जो सीवान और सारण जिले की सीमा पर स्थित है.
एनएच-331 पर लगातार हो रहे हादसों से लोगों में गुस्सा
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-331 पर लापरवाही के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं और लोग अपनी जान गंवा रहे हैं. ग्रामीणों ने बताया कि पिछले सप्ताह इसी मार्ग पर घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर आगे पिपड़ा टोल प्लाजा के पास भगवानपुर हाट निवासी और आवास सहायक अनिल कुमार गुप्ता की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई थी.
स्पीड लिमिट और सख्ती की मांग तेज
लगातार हो रही दुर्घटनाओं से लोगों में सरकार और प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है. ग्रामीणों की मांग है कि सड़क की चौड़ाई के अनुसार स्पीड लिमिट तय की जाए और उसका सख्ती से पालन कराया जाए. साथ ही बिना खलासी या हेल्पर के भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग भी उठाई गई है.
नाबालिग चालक और मोबाइल बना हादसों की वजह
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार कम उम्र के चालक भारी वाहन चला रहे हैं. वहीं ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी हादसों की बड़ी वजह बन रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से ठोस कार्रवाई कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके.
Also Read: सीवान पुलिस की सख्ती का असर, 4 वांछित अभियुक्तों ने कोर्ट में किया सरेंडर, छापेमारी से दहशत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए