सीवान में रक्षाबंधन की धूम, राखी-मिठाई और गिफ्ट की दुकानों पर उमड़ी भीड़; मंदिरों में भी होगी भीड़

Updated:
विज्ञापन

राखी की खरीदारी करती महिलाएं

रक्षाबंधन का पर्व जिले में उत्साह से मनाया जाएगा. बहनें भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधेंगी और भाई उपहार देंगे. बाजारों में राखी, मिठाई, कपड़े और मेहंदी की दुकानों पर भारी भीड़ देखी जा रही है.

विज्ञापन

Raksha Bandhan: भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को पूरे जिले में उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा. बहनें भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करेंगी, वहीं भाई बहनों को उपहार देने के साथ उनकी रक्षा का संकल्प लेंगे. रक्षाबंधन को लेकर गुरुवार को सीवान शहर से लेकर ग्रामीण बाजारों तक खूब चहल-पहल रही. राखी, मिठाई, कपड़े, मेहंदी और गिफ्ट की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही.

आपके शहर में

विज्ञापन

राखी और गिफ्ट की दुकानों पर दिखी भीड़

रक्षाबंधन से एक दिन पहले शहर के जेपी चौक, राजेंद्र पथ, कचहरी रोड, थाना रोड, दरबार सिनेमा, सब्जी मंडी सहित प्रमुख बाजारों में राखी की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ रही. बाजार में रंग-बिरंगी स्टोन राखी, ब्रेसलेट राखी और कच्चे धागे वाली राखियों की खूब मांग रही.

बच्चों के बीच स्पाइडरमैन, छोटा भीम, मोटू-पतलू और डोरेमॉन जैसे कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं. इस बार लाइट जलने वाली डिजाइनर राखियां भी बाजार में उपलब्ध हैं, जिन्हें बच्चे और बड़े पसंद कर रहे हैं.

कपड़े और मिठाई की भी खूब हुई बिक्री

रक्षाबंधन को लेकर कपड़े और मिठाई की दुकानों पर भी काफी भीड़ देखी गयी. लोगों ने मिठाई के अलावा ड्राइफ्रूट, चॉकलेट और विभिन्न प्रकार के गिफ्ट आइटम की खरीदारी की. जेपी चौक, कचहरी रोड, श्रद्धानंद बाजार, नया बाजार, उजाय मार्केट और शहीद सराय समेत अन्य बाजारों में देर रात तक चहल-पहल रही.

दूर रहने वाले भाई-बहनों को राखी भेजने के लिए ऑनलाइन शॉपिंग का भी इस्तेमाल किया जा रहा है. लोग ऑनलाइन माध्यम से राखी, चॉकलेट और गिफ्ट भेज रहे हैं. वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और व्हाट्सएप पर भी रक्षाबंधन की शुभकामनाओं का सिलसिला शुरू हो गया है.

मेहंदी लगवाने के लिए भी लगी कतार

रक्षाबंधन को लेकर शहर के चौक-चौराहों पर मेहंदी के स्टॉल भी सज गये हैं. महिलाएं और युवतियां आकर्षक डिजाइन वाली मेहंदी लगवा रही हैं. दुकानदारों के अनुसार रक्षाबंधन के कारण मेहंदी के कारोबार में तेजी आयी है. कई जगह महिलाएं मोहल्लों में घर-घर जाकर भी मेहंदी लगा रही हैं.

फोटो: राखी की खरीदारी करती महिलाएं फोटो : सजी मिठाई की दुकान फ़ोटो. गिफ्ट की खरीदारी करते लोग | Prabhat Khabar Network

रक्षाबंधन पर मंदिरों में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

रक्षाबंधन और सावन महीने के अंतिम दिन को लेकर शुक्रवार को जिले के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. इसे देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गयी है.

सबसे अधिक भीड़ मेहदार स्थित महेंद्रनाथ धाम और सोहगरा स्थित हंसनाथ धाम में होने की संभावना है. इसके अलावा शहर के कचहरी रोड स्थित दुर्गा मंदिर, महादेवा रोड स्थित शिव मंदिर, रजिस्ट्री कचहरी रोड स्थित काली मंदिर, शुक्ल टोली स्थित हनुमान मंदिर, गांधी मैदान स्थित बुढ़िया माई मंदिर, फतेहपुर स्थित दुर्गा मंदिर और स्टेशन रोड स्थित संतोषी मां मंदिर समेत अन्य मंदिरों में भी श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचेंगे. पर्व को लेकर कई मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है.

नकली मिठाई से सावधान रहने की जरूरत

रक्षाबंधन के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. बाजार में खोआ, छेना और अन्य सामग्री से तैयार विभिन्न प्रकार की मिठाइयां बिक्री के लिए सज गयी हैं. शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी मिठाइयों की आपूर्ति की तैयारी की गयी है.

लोगों के बीच मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर चिंता बनी हुई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मिठाई दुकानों की जांच की जाती थी, लेकिन इस बार जांच को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आयी है. चिकित्सकों के अनुसार मिलावटी मिठाइयों के सेवन से फूड पॉइजनिंग और पेट संबंधी परेशानी हो सकती है. इसलिए मिठाई खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और साफ-सफाई का ध्यान रखना चाहिए.

फोटो: राखी की खरीदारी करती महिलाएं फोटो : सजी मिठाई की दुकान फ़ोटो. गिफ्ट की खरीदारी करते लोग | Prabhat Khabar Network

रक्षाबंधन पर इस मंत्र का जाप करने की परंपरा

रक्षासूत्र बांधते समय परंपरागत रूप से इस मंत्र का जाप किया जाता है—

“येन बद्धो बली राजा दानवेन्द्रो महाबलः. तेन त्वामपि बध्नामि रक्षे मा चल मा चल.”

इसका भावार्थ है कि जिस रक्षा सूत्र से महान शक्तिशाली राजा बलि को बांधा गया था, उसी रक्षा सूत्र से मैं तुम्हें बांधती हूं. हे रक्षा सूत्र, तुम अपने रक्षा के संकल्प से कभी विचलित मत होना.

राखी बांधने का शुभ मुहूर्त

आचार्य उमाशंकर पांडेय के अनुसार पंचांग के मुताबिक 28 अगस्त को रक्षाबंधन पर राखी बांधने का मुख्य शुभ समय सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक रहेगा. लाभ मुहूर्त 7:33 बजे से 9:10 बजे तक और अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त 9:10 बजे से 9:48 बजे तक रहेगा. सुबह राखी बांधना संभव नहीं होने पर दोपहर 12:23 बजे से 2 बजे तक भी राखी बांधी जा सकती है.

इसे भी पढ़ें: "हिरासत" के दावों पर मचा बवाल! जानिए पटना BPSC प्रदर्शन में छाए 6 साल के आदित्य की पूरी कहानी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन