सीवान के बड़हरिया में नाली बनने के बाद भी सड़क का हाल-बेहाल, बारिश में जलजमाव से बढ़ी लोगों की परेशानी
हॉस्पिटल रोड में सड़क पर जलजमाव
Siwan News: बड़हरिया नगर क्षेत्र के हॉस्पिटल रोड पर हाल ही में कराए गए नाला निर्माण के बाद लोगों की परेशानी बढ़ गई है. बारिश होने पर सड़क पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है.
Siwan News: बड़हरिया से आनंद मिश्र की रिपोर्ट
बड़हरिया नगर क्षेत्र के हॉस्पिटल रोड पर हाल ही में कराए गए नाला निर्माण के बाद लोगों की परेशानी बढ़ गई है. बारिश होने पर सड़क पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. शुक्रवार सुबह हुई बारिश के बाद पूरी सड़क नाली जैसी दिखाई देने लगी.
आपके शहर में
जलनिकासी नहीं होने से सड़क पर जमा हो रहा पानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि हॉस्पिटल रोड के पश्चिमी किनारे नाला निर्माण तो कराया गया, लेकिन जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई. इसका नतीजा यह है कि बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है. जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है और व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है.
पहले नहीं होती थी यह समस्या
दुकानदारों का कहना है कि बड़हरिया बाजार के जामो रोड में जामो चौक से युवराज मैरिज हॉल तक तथा गोपालगंज रोड में टेलीफोन एक्सचेंज से पुरानी बाजार तक वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है. हालांकि हॉस्पिटल रोड पर पहले ऐसी स्थिति नहीं थी. नाला निर्माण के बाद यहां भी जलजमाव की समस्या शुरू हो गई है.
वाहन चालकों और राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें
सड़क पर पानी जमा होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों के संचालन में परेशानी हो रही है. राहगीरों को भी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है.
नाला निर्माण पर उठ रहे सवाल
दुकानदार ओमप्रकाश पांडेय, मुन्ना कुमार, मृत्युंजय सिंह और संतोष कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि नाला निर्माण का उद्देश्य जलनिकासी सुनिश्चित करना था, लेकिन वर्तमान स्थिति को देखकर लगता है कि यह सिर्फ दिखावा बनकर रह गया है. उनका कहना है कि नाला बनने से पहले इस सड़क पर जलभराव की समस्या नहीं थी, जबकि अब हल्की बारिश में भी सड़क नाली में तब्दील हो जा रही है. बाजारवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जलनिकासी व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान लोगों को होने वाली परेशानी से राहत मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए