सीवान अधिवक्ता संघ चुनाव में 79.60% मतदान, 999 ने डाले वोट, मंगलवार को खुलेगा जीत-हार का राज
फोटो.मतदान के दौरान अधिवक्ता
सीवान अधिवक्ता संघ के सत्र 2026-28 के लिए सोमवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ, जिसमें 79.60% अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मंगलवार सुबह मतगणना के साथ ही प्रत्याशियों की जीत-हार का फैसला होगा.
Siwan Advocate Association Election: जिला अधिवक्ता संघ सीवान के सत्र 2026-28 के लिए सोमवार को व्यवहार न्यायालय स्थित अधिवक्ता संघ भवन में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. चुनाव में कुल 1255 अधिवक्ता मतदाता थे, जिनमें से 999 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इस तरह कुल 79.60 फीसदी मतदान हुआ. मतदान समाप्त होने के साथ ही विभिन्न पदों के प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गयी. अब मंगलवार की सुबह मतगणना शुरू होगी और इसके बाद निर्वाचित उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जाएगी.
आपके शहर में
तीन मतदान केंद्रों पर हुआ मतदान
चुनाव के लिए अधिवक्ता संघ भवन में कुल तीन मतदान केंद्र बनाये गये थे. बूथ संख्या एक पर 366, बूथ संख्या दो पर 344 और बूथ संख्या तीन पर 289 अधिवक्ताओं ने मतदान किया.
मतदान सुबह 10:30 बजे से शाम पांच बजे तक चला. शाम पांच बजे मतदान समाप्त होते ही तीनों बूथों की मतपेटियों को सील कर दिया गया. मतपेटियों को सील करने की प्रक्रिया के दौरान विभिन्न प्रत्याशियों ने अपने हस्ताक्षर भी किये.
शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ मतदान
मुख्य चुनाव पदाधिकारी शिवनाथ सिंह और चुनाव पदाधिकारी रवीन्द्रनाथ वर्मा ने बताया कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. मतदान के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आयी. मतपेटियों को सुरक्षित रखा गया है और मंगलवार की सुबह निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतगणना शुरू की जाएगी.

सुबह से ही अधिवक्ता संघ भवन में रही गहमागहमी
मतदान को लेकर सुबह से ही अधिवक्ता संघ भवन में गहमागहमी बनी रही. अधिवक्ता मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर कतार में खड़े रहे और बारी आने पर मतदान किया.
चुनाव में विभिन्न पदों के लिए मैदान में उतरे प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में भी खासा उत्साह दिखा. मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों की ओर से अलग-अलग कैंप लगाये गये थे. यहां प्रत्याशी और उनके समर्थक अधिवक्ता मतदाताओं से संपर्क करते नजर आये.
सुरक्षा के भी रहे इंतजाम
मतदान को देखते हुए कोर्ट परिसर में सुरक्षा की भी व्यवस्था की गयी थी. मतदान केंद्रों के आसपास पुलिस बल की तैनाती रही. चुनाव पदाधिकारियों की ओर से पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी गयी, जिससे मतदान निर्धारित समय में शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो सका.
मंगलवार को खुलेगा प्रत्याशियों की किस्मत का राज
मतदान समाप्त होने के बाद अब प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजर मंगलवार को होने वाली मतगणना पर है. विभिन्न पदों के लिए चुनाव मैदान में उतरे उम्मीदवारों की जीत-हार का फैसला मतगणना के बाद होगा. अधिवक्ताओं के बीच भी चुनाव परिणाम को लेकर उत्सुकता बनी हुई है.
मुख्य चुनाव पदाधिकारी शिवनाथ सिंह और चुनाव पदाधिकारी रवीन्द्रनाथ वर्मा ने बताया कि मतदान की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही. तीनों बूथों की मतपेटियां सील कर सुरक्षित रखी गयी हैं. मंगलवार की सुबह निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतगणना शुरू होगी.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में एयरपोर्ट का सपना होगा साकार? 517 एकड़ जमीन से अतिक्रमण हटा, अब अगला कदम क्या?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए