सीवान: साक्षरता दिवस पर निकली जागरूकता रैली, प्रशिक्षुओं ने दिया शिक्षा का संदेश
फोटो :जागरूकता रैली में शामिल प्रशिक्षु व प्राध्यापक | Prabhat Khabar Network
भगवानपुर हाट के राजेंद्र किशोरी बी.एड. कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर जागरूकता रैली निकाली गई। शिक्षा के महत्व पर जोर दिया गया।
Siwan News : भगवानपुर हाट के सुघरी स्थित राजेंद्र किशोरी बी.एड. कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने रैली निकालकर ग्रामीणों को शिक्षा और साक्षरता के महत्व के प्रति जागरूक किया.
हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना
प्रखंड के राजेंद्र किशोरी बी.एड. कॉलेज सुघरी में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान संस्थान के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह और सचिव सह कोषाध्यक्ष रूबी कुमारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया. रैली में बड़ी संख्या में छात्राध्यापक और छात्राध्यापिकाएं शामिल हुए.
स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर निकले प्रशिक्षु
रैली में शामिल प्रशिक्षु शिक्षा और साक्षरता से जुड़े प्रेरक स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर पूरे क्षेत्र में भ्रमण करते नजर आये. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को शिक्षा के अधिकार, साक्षरता के महत्व और समाज के विकास में शिक्षा की भूमिका के बारे में जागरूक किया.
‘अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे शिक्षा की रोशनी’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना ही अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस का वास्तविक उद्देश्य है. यह दिवस हमें संकल्प लेने का अवसर देता है कि समाज का कोई भी व्यक्ति शिक्षा से वंचित न रहे.
उन्होंने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने की क्षमता नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का आधार भी है. शिक्षकों और प्रशिक्षु विद्यार्थियों का दायित्व है कि वे शिक्षा का प्रकाश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं. तभी सशिक्षित, सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण संभव होगा.
साक्षरता मानव अधिकार और आत्मसम्मान की आधारशिला
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिनेश सिंह ने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है. यह मानव अधिकार, आत्मसम्मान और सामाजिक विकास की आधारशिला है. उन्होंने प्रशिक्षुओं से शिक्षक बनने के बाद समाज से अज्ञानता दूर करने और शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
शिक्षक और प्रशिक्षुओं ने लिया शिक्षा का संकल्प
कार्यक्रम में प्राध्यापक गणेश, अभिषेक, मुकेश, अशोक, प्रमोद, संतोष, विनोद और अजय सहित शिक्षकेतर कर्मचारी शशिशंकर, मदन और दिनेश मौजूद रहे. इसके अलावा बड़ी संख्या में छात्राध्यापक एवं छात्राध्यापिकाओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और शिक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए