सीवान में ज्वेलरी दुकान लूट कांड: गोली लगी फिर भी नहीं मानी हार, ज्वेलरी दुकानदार ने बदमाशों को पकड़ा; भीड़ ने जमकर पीटा
फ़ोटो. सड़क जाम करते लोग फ़ोटो.बरामद खोखा | Prabhat Khabar Network
सीवान के दरौली में ज्वेलरी दुकान में लूट के दौरान व्यवसायी को गोली मारी गई। स्थानीय लोगों ने दोनों अपराधियों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। घायल का इलाज जारी है।
Siwan Jewellery Shop Robbery : सीवान में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट की कोशिश से हड़कंप मच गया. अपराधियों ने दुकानदार को गोली मार दी, लेकिन घायल होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और बदमाशों से भिड़ गये. शोर सुनकर जुटे स्थानीय लोगों ने दोनों अपराधियों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया.
गोली लगने के बाद भी अपराधियों को नहीं छोड़ा
दरौली थाना क्षेत्र के टरवां बाजार में मंगलवार दोपहर करीब एक बजे बाइक सवार दो अपराधी दिलीप वर्मा की ज्वेलरी दुकान में लूट की नीयत से पहुंचे. दोनों दुकान के अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने की कोशिश करने लगे. इसी दौरान दुकानदार दिलीप वर्मा ने एक अपराधी को पकड़ लिया.
साथी को छुड़ाने के लिए अपराधी ने चला दी गोली
साथी को छुड़ाने के प्रयास में दूसरे अपराधी ने दिलीप वर्मा पर गोली चला दी. गोली लगने के बाद भी व्यवसायी ने अपराधी को नहीं छोड़ा और दोनों बदमाशों से मुकाबला करते रहे. दुकान से शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गये.
लोगों ने दोनों बदमाशों को दबोचा, जमकर हुई पिटाई
स्थानीय लोगों ने दोनों अपराधियों को पकड़ लिया. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने उनकी पिटाई कर दी. घटना की सूचना मिलने पर दरौली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को अपने कब्जे में ले लिया.
घायल दुकानदार समेत तीनों अस्पताल में भर्ती
गोली लगने से घायल ज्वेलरी व्यवसायी दिलीप वर्मा और पकड़े गये दोनों आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. चिकित्सकों ने दिलीप वर्मा की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया. घटना में कितनी नकदी या आभूषण की लूट हुई है, इसका आधिकारिक खुलासा अभी नहीं हुआ है.
घटना के बाद लोगों ने सड़क जाम कर जताया आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला. लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. मौके से पुलिस ने गोली का खोखा भी बरामद किया है.
बोले एसडीपीओ
एसडीपीओ सदर-2 आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि दरौली में गोलीबारी की सूचना मिली है. मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए