सीवान: गुठनी-दरौली में DM ने सुनीं लोगों की समस्याएं, नदी कटाव और बाढ़ का मुद्दा छाया
संवाद कार्यक्रम में उपस्थित जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
डीएम विजय प्रकाश मीणा ने गुठनी और दरौली में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों और क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं की समीक्षा की और समाधान का निर्देश दिया।
Siwan News : जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने शुक्रवार को गुठनी और दरौली प्रखंड का दौरा कर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की. बैठक में क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं और संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की गई. इस दौरान नदी कटाव, बाढ़, जलजमाव और बिजली कटौती जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठीं. जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
सरयू नदी के कटाव से ग्रामीण परेशान
बैठक में बलुआ पंचायत के मुखिया ने सरयू नदी के किनारे बसे गांवों में लगातार हो रहे कटाव का मुद्दा उठाया. बताया गया कि कटाव के कारण किसानों की जमीन लगातार नदी में समा रही है. साथ ही नदी किनारे बसे ग्रामीणों के सामने भी खतरा बना हुआ है. इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
डिग्री कॉलेज और पोखरों के सौंदर्यीकरण की मांग
चिताखाल पंचायत के प्रतिनिधि ने विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा के लिए क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग रखी. वहीं पड़री पंचायत से पोखरों की नीलामी पंचायत स्तर पर कराने और शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग उठी. सोहगरा पंचायत में पोखरे के सौंदर्यीकरण और सड़क निर्माण का मुद्दा भी बैठक में रखा गया.
शराब और नशे की समस्या पर भी चर्चा
बैठक के दौरान क्षेत्र में शराब और सूखा नशा की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया. जनप्रतिनिधियों ने इस पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की. वहीं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से जुड़ी परेशानियों का मुद्दा भी सामने आया. बताया गया कि कई वृद्ध लाभुकों के फिंगरप्रिंट नहीं आने और बैंक स्तर पर एनपीसीआई नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
नगर पंचायत में सार्वजनिक शौचालय बनाने का निर्देश
नगर पंचायत क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय और यूरिनल प्वाइंट की कमी का मुद्दा भी बैठक में उठा. बताया गया कि बाजार क्षेत्र में लंबे समय से इसकी जरूरत महसूस की जा रही है. जिलाधिकारी ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को इस दिशा में त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया. पदाधिकारी ने बताया कि नगर क्षेत्र में दो स्थानों पर शौचालय और यूरिनल निर्माण की प्रक्रिया चल रही है.
नगर पंचायत के लिए जमीन और भवन का निर्देश
नगर पंचायत के मुख्य पार्षद ने बताया कि नगर पंचायत का अपना भवन नहीं है और फिलहाल पंचायत भवन में कार्यालय संचालित किया जा रहा है. इस पर जिलाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी को नगर पंचायत कार्यालय के लिए जल्द भूमि उपलब्ध कराने और भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया.
मंदिर में पूजा के बाद बैठक में पहुंचे डीएम
प्रखंड मुख्यालय पहुंचने से पहले जिलाधिकारी ने सोहगरा स्थित बाबा हंसनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की. इसके बाद ई-किसान भवन के सभागार में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक हुई. बैठक में गुठनी और दरौली के बीडीओ, सीओ, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए