सीवान के दरौंदा के बगौर में नए राजकीय डिग्री कॉलेज का हुआ उद्घाटन

नए राजकीय डिग्री कॉलेज का उद्घाटन करते जनप्रतिनिधि
दरौंदा के बगौरा में नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज में बुधवार से पढ़ाई शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसका उद्घाटन किया. अब स्थानीय विद्यार्थियों का उच्च शिक्षा का सपना पूरा हो गया है.
प्रतिनिधि, दरौंदा. प्रखंड के बगौरा स्थित नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज में बुधवार से पढ़ाई शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के नए डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन कर नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की. इसके साथ ही दरौंदा क्षेत्र के विद्यार्थियों का लंबे समय से चला आ रहा उच्च शिक्षा का सपना पूरा हो गया है.
छह विषयों में शुरू हुई स्नातक की पढ़ाई
कॉलेज में फिलहाल हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र विषयों में स्नातक की पढ़ाई शुरू की गई है. कॉलेज का संचालन अभी लाल बहादुर शास्त्री उच्च माध्यमिक सह इंटर कॉलेज के भवन से किया जा रहा है. प्राचार्य प्रो. जलालुद्दीन ने बताया कि जयप्रकाश विश्वविद्यालय के निर्देश के अनुसार नामांकन प्रक्रिया जारी है और नामांकित विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं भी शुरू कर दी गई हैं. कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नए कॉलेज की शुरुआत पर खुशी जताई. विद्यार्थियों को अब उच्च शिक्षा के लिए दूर के शहरों में जाने की परेशानी कम होगी.
स्थानीय छात्रों को मिलेगी बड़ी सुविधा
दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ ब्यास सिंह ने कहा कि दरौंदा के बगौरा में राजकीय डिग्री कॉलेज का शुरू होना पूरे क्षेत्र के लिए खुशी की बात है. उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को घर के पास ही बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा. विधायक ने कहा कि कॉलेज शुरू होने से छात्रों का समय और खर्च दोनों बचेंगे, साथ ही क्षेत्र के शैक्षणिक और सामाजिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित पढ़ाई कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की.
स्थायी भवन निर्माण के लिए भूमि का चयन करने की प्रक्रिया जारी
कॉलेज के लिए स्थायी भवन निर्माण के लिए विभागीय स्तर पर प्रक्रिया चल रही है. भवन बनने के बाद कॉलेज में अन्य विषयों और संकायों का विस्तार किया जाएगा. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की सुविधा मिलने से खासकर गरीब और ग्रामीण विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










