सीवान: घर में घुसकर सौरभ की हत्या, नौ दिन बाद भी अपराधियों का सुराग नहीं; परिजनों में आक्रोश
मृतक सौरभ कुमार उर्फ बिट्टू सोनी की फाइल फोटो
भगवानपुर हाट में सौरभ कुमार की हत्या के नौ दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक अपराधियों को पकड़ने में नाकाम है. परिजन और ग्रामीण गहरा आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं, जबकि पुलिस जमीन विवाद और प्रेम प्रसंग जैसे पहलुओं पर जांच कर रही है.
siwan saurabh soni murder case: भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के माघर पांडेय मोड़ स्थित एनएच-227ए किनारे घर में घुसकर सौरभ कुमार उर्फ बिट्टू सोनी की हत्या के नौ दिन बाद भी पुलिस अपराधियों तक नहीं पहुंच सकी है. हत्याकांड का खुलासा नहीं होने से परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है. पुलिस जमीन विवाद, प्रेम प्रसंग समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
आपके शहर में
घर में घुसकर गला दबाकर की गयी थी हत्या
गौरतलब है कि 23 अगस्त की रात अपराधियों ने घर में घुसकर कृष्णा प्रसाद सोनी के पुत्र सौरभ कुमार उर्फ बिट्टू सोनी की गला दबाकर हत्या कर दी थी. अगले दिन 24 अगस्त की सुबह उसका शव घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थिति में पड़ा मिला था. मृतक के गले पर दबाव के निशान और सिर पर चोट के निशान मिले थे.
घटना के बाद घर में रखा मृतक का मोबाइल भी गायब मिला था. मृतक के पिता कृष्णा प्रसाद सोनी ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ भगवानपुर हाट थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
जमीन विवाद और प्रेम प्रसंग की आशंका
प्राथमिकी के दौरान मृतक के पिता ने पुलिस को पहले से चले आ रहे जमीन विवाद की जानकारी दी थी. वहीं स्थानीय लोगों और परिजनों ने प्रेम प्रसंग की आशंका भी जतायी थी. इसके बाद पुलिस इन दोनों पहलुओं के अलावा अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
घटना के बाद एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाये थे. शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया था. हालांकि अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को नहीं मिली है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का वास्तविक कारण
थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. तकनीकी जांच में फिलहाल कोई ठोस सुराग नहीं मिला है. उन्होंने बताया कि अगले दो-तीन दिनों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने की संभावना है. रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के वास्तविक कारण को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी तथा जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी. थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर लिया जायेगा.
नौ दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोश
घटना के नौ दिन बीत जाने के बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस जल्द से जल्द अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करे और हत्याकांड का खुलासा करे, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके. पूरे क्षेत्र के लोगों की नजर अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है.
सीवान: दो बच्चों की मां को हुआ प्यार, पति और परिवार छोड़ प्रेमी संग रचाई शादी, बोली- बच्चों की चिंता नहीं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए