सीतामढ़ी में हिंदी दिवस पर साहित्यिक आयोजन, नाटककार, टॉपर और गायक हुए सम्मानित
आदर्श मवि सोशल क्लब में आयोजित समारोह में मौजूद अतिथि व अन्य.
सीतामढ़ी में हिंदी दिवस के अवसर पर आयोजित एक खास कार्यक्रम में कला, साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र की हस्तियों को सम्मानित किया गया. इस दौरान कवि सम्मेलन का भी आयोजन हुआ, जिसमें रचनाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा.
Sitamarhi News: सीतामढ़ी. हिंदी दिवस के अवसर पर डुमरा स्थित आदर्श मध्य विद्यालय सोशल क्लब में सम्मान समारोह, विचार गोष्ठी सह कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया. कला-संगम और पं चंद्रशेखर धर शुक्ल साहित्यिक संस्थान के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का संयोजन सीए सरोज कुमार ने किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीएम बृज किशोर पांडेय ने की, जबकि संचालन गीतकार गीतेश ने किया. प्रधानाध्यापक राम ईश्वर सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया.
हिंदी को बताया करोड़ों दिलों को जोड़ने वाली भाषा
एडीएम बृज किशोर पांडेय ने कहा कि हिंदी करोड़ों दिलों को जोड़ने वाली राष्ट्र की धड़कन है. उन्होंने हिंदी के व्यापक प्रभाव और समाज को जोड़ने में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला. प्राचार्या डॉ अर्पणा कुमारी ने कहा कि हिंदी अब एक मजबूत वैश्विक भाषा बन चुकी है और इसका प्रभाव लगातार बढ़ रहा है.
हिंदी की प्रासंगिकता पर वक्ताओं ने रखे विचार
गृहरक्षा वाहिनी के डीएसपी अमृतांशु, प्राध्यापक डॉ अमित मिश्र, डॉ सीमा कुमारी, डॉ पंकजवासिनी, जिला लेखा पदाधिकारी प्रियरंजन राय एवं डॉ (प्रो) राजकुमार गुप्ता ने वर्तमान समय में हिंदी की प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे. वक्ताओं ने हिंदी के साहित्यिक, सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर चर्चा की.
साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का संकल्प
डॉ शिवशंकर महतो, डॉ शबनम आरा एवं सीए सरोज कुमार ने अपने निजी कोष से साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही. उन्होंने साहित्य और रचनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर सहयोग की प्रतिबद्धता जतायी.
नाटककार, टॉपर और गायक को किया गया सम्मानित
सम्मान समारोह के दौरान नाटककार सत्यनारायण सिंह, मैट्रिक टॉपर पवन कुमार और गायक मो अब्दुल सत्तार राय को सम्मानित किया गया. आयोजन में साहित्य, शिक्षा और कला के क्षेत्र में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया.
कवि सम्मेलन में रचनाओं ने बांधा समां
द्वितीय सत्र में कवि सम्मेलन का आगाज गीतकार गीतेश की रचना से हुआ. इसके बाद उर्दू शायर मो कमरूद्दीन नदाफ की गजल ने महफिल को गति दी. युवा कवि कृष्णनंदन लक्ष्य और रंजिता भारती श्री की रचनाओं ने कार्यक्रम के माहौल को जीवंत बना दिया. कवियों की प्रस्तुति को श्रोताओं ने सराहा.
समारोह में वरिष्ठ कवि रमाशंकर मिश्र, सुरेश लाल कर्ण, रामबाबू सिंह वनगांव, प्रधानाध्यापक सत्येन्द्र मिश्रा, आशुतोष कुमार, शिशिर कुमार, बालबोध झा, दीनानाथ सिंह, आनंद कुमार, शिक्षाविद् बिट्टू विश्वास झा आदि मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: सीतामढ़ी के परसौनी में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा, कार की डिक्की से 236 बोतल नेपाली शराब बरामद
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए