सीतामढ़ी: परिहार के गोरहारी मदरसा में चल रहा था ऑनलाइन सट्टे का खेल, चार आरोपी गिरफ्तार
आनलाइन सट्टेबाजी में गिरफ्तार चार युवक | Prabhat Khabar Network
सीतामढ़ी जिले में पुलिस ने ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. परिहार थाना पुलिस ने एक मदरसा में चल रहे सट्टे के सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से कई मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.
Gambling raid: सीतामढ़ी जिला अंतर्गत परिहार थाना पुलिस को ऑनलाइन जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन गेमिंग और सट्टा नेटवर्क चलाने वाले चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से कई मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.
आपके शहर में
मदरसा में बैठकर चल रहा था सट्टे का सिंडिकेट
परिहार थानाध्यक्ष पंकज कुमार यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि परसंडी पंचायत के गोरहारी गांव स्थित एक मदरसा में कुछ युवक मोबाइल के जरिए ऑनलाइन जुआ और सट्टे का अवैध संचालन कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए चिन्हित स्थान पर दबिश दी. छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि कई युवक मोबाइल फोन की मदद से लोगों को ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे के जाल में फंसा रहे थे.
चार सटोरिए दबोचे गए, मोबाइल बरामद
पुलिस ने मौके से तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोरहारी गांव निवासी नियाज के पुत्र फकरुद्दीन उर्फ गुड्डू, सगीर के पुत्र ऐजाज, सगीर के ही दूसरे पुत्र जफ्फर अब्बास उर्फ राजू और आबीद अंसारी के पुत्र आमीर के रूप में की गई है. पुलिस ने इनके पास से अपराध में इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है, जिनकी तकनीकी जांच की जा रही है.
प्राथमिकी दर्ज, सभी भेजे गए जेल
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस सट्टेबाजी नेटवर्क के खुलासे के बाद सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शनिवार को गिरफ्तार चारों युवकों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब इन आरोपियों के मोबाइल डेटा के आधार पर इस ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य मास्टरमाइंड और स्थानीय एजेंटों को ट्रेस करने में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए