सीतामढ़ी: चोरौत के नीमबाड़ी हाट-बाजार में स्वच्छता पर प्रशासन सख्त, दुकानदारों से लगेगा मासिक अपशिष्ट शुल्क
बाजार की सफाई के लिए पहुंचे स्वच्छता कर्मी एवं अन्य | Prabhat Khabar Network
नीमबाड़ी बाजार को स्वच्छ रखने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कचरा फैलाने वाले दुकानदारों पर जुर्माना और मासिक स्वच्छता शुल्क लागू किया गया है।
चोरौत स्वच्छता शुल्क: सीतामढ़ी जिले के चोरौत प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध नीमबाड़ी हाट-बाजार को पूरी तरह स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से प्रखंड प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. बाजार में फल-सब्जी और दैनिक उपयोग की सामग्री बेचने वाले दुकानदारों से अब दुकान के आकार के आधार पर मासिक स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन उपयोगिता शुल्क वसूला जाएगा. बीडीओ अमित कुमार अमन ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि दुकान से निकलने वाले कूड़े-कचरे को निर्धारित स्थल पर ही फेंकें. बाजार परिसर या आसपास कचरा फैलाते पकड़े जाने पर संबंधित दुकानदार के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
दुकानों के आकार के अनुसार तय की गई दरें
प्रखंड प्रशासन द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत तीन श्रेणियों में मासिक शुल्क निर्धारित किया गया है:
- छोटे दुकानदार व ठेला: छोटे फल-सब्जी विक्रेता और ठेला संचालकों से 60 रुपये प्रतिमाह.
- सामान्य आकार की दुकानें: मध्यम श्रेणी की सामान्य दुकानों से 90 रुपये प्रतिमाह.
- बड़े प्रतिष्ठान: बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान या अधिक कचरा उत्पन्न करने वाली दुकानों से 150 रुपये प्रतिमाह.
- रसीद की व्यवस्था: शुल्क की वसूली संबंधित पंचायत के स्वच्छता पर्यवेक्षक द्वारा की जाएगी और दुकानदारों को विधिवत सरकारी रसीद प्रदान की जाएगी.
पोखर व सड़कों पर कचरा फेंकने पर रोक
बीडीओ ने पत्र जारी कर एलएसबीए प्रखंड समन्वयक, स्वच्छता पर्यवेक्षक, स्थानीय दुकानदारों और हाट ठेकेदार को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं:
- दुर्गंध और प्रदूषण से मुक्ति: पूर्व में कुछ दुकानदार सड़ी-गली फल-सब्जियां खुले मैदान और निकटवर्ती पोखर में फेंक देते थे, जिससे भारी दुर्गंध और प्रदूषण की समस्या पैदा हो रही थी.
- वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट तक परिवहन: जमा शुल्क से नियमित सफाई होगी और कचरे को प्रोसेसिंग यूनिट तक भेजा जाएगा.
बुधवार को कर्मियों से बाजार की मुकम्मल सफाई कराई गई. मौके पर प्रमुख प्रतिनिधि सुनील राउत सहित स्थानीय व्यवसायी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: सीतामढ़ी: चोरौत में आधार केंद्र पर बीडीओ का औचक निरीक्षण, अधिक शुल्क वसूली पर संचालक को सख्त चेतावनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए