विश्व पर्यावरण दिवस: विधायक, डीएम और एसपी ने पौधरोपण किया, संरक्षण का संदेश दिया

पौधरोपण करते अधिकारी.
Sheikhpura News : डीएम ने लोगों से अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाने की अपील करते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ भावनात्मक जुड़ाव भी बढ़ेगा.
Sheikhpura News : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गुरुवार को शहर स्थित श्यामा सरोवर पार्क में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विधायक रणधीर कुमार सोनी, डीएम शेखर आनंद, एसपी बलिराम कुमार चौधरी, एडीएम लखींद्र पासवान, डीडीसी संजय कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
इस अवसर पर डीएम शेखर आनंद ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए. उन्होंने लोगों से अपनी मां के नाम पर एक पेड़ लगाने की अपील करते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ भावनात्मक जुड़ाव भी बढ़ेगा.
पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया. विधायक रणधीर कुमार सोनी ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा समय की सबसे बड़ी जरूरत है. उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में जल संकट और गंभीर हो सकता है, इसलिए अभी से सजग होकर पौधरोपण और जल संरक्षण पर ध्यान देना होगा.
जिले में लगाए जाएंगे 1.26 लाख से अधिक पौधे
वन विभाग के रेंजर सुनील कुमार ने बताया कि इस वर्ष जिले में विभिन्न विभागों के सहयोग से 1.26 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने कहा कि पौधरोपण अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा, ताकि जिले में हरित क्षेत्र का विस्तार हो सके.
चांदी पहाड़ पर लगेंगे पांच हजार पौधे
रेंजर ने बताया कि अरियरी प्रखंड स्थित चांदी पहाड़ को हराभरा बनाने के लिए इस वर्ष बरसात के मौसम में पांच हजार पौधे लगाए जाएंगे. इनमें बरगद, पीपल और पाकड़ जैसे छायादार एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण वृक्ष शामिल होंगे। चांदी पहाड़ स्थित माता शबरी मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग को देखते हुए यह पहल की जा रही है.
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर वन विभाग द्वारा पूर्व में आयोजित पेंटिंग, क्विज और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










