आपदा मित्रों ने मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता को सौंपा ज्ञापन, नियमित रोजगार की उठाई मांग

मंत्री डॉ श्वेता गुप्ता को ज्ञापन सौंपते शिवहर जिले के आपदा मित्र
बिहार के 9,600 प्रशिक्षित आपदा मित्र नियमित रोजगार और बेहतर सुविधाओं के लिए सरकार से गुहार लगा रहे हैं. उन्होंने मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को विधानसभा में उठाने का आग्रह किया है.
Sheohar News: जिले में बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (बीएसडीएमए) से प्रशिक्षित आपदा मित्रों ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर स्थानीय विधायक सह समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता को ज्ञापन सौंपा. उन्होंने मंत्री से उनकी मांगों को विधानसभा में उठाने का आग्रह किया.
वर्षों से राहत और बचाव कार्य में निभा रहे भूमिका
ज्ञापन में आपदा मित्रों ने कहा कि शिवहर सहित पूरे बिहार में करीब 9,600 प्रशिक्षित आपदा मित्र बाढ़, आगजनी, सड़क दुर्घटनाओं और अन्य प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर राहत एवं बचाव कार्य करते रहे हैं. इसके बावजूद उन्हें नियमित रोजगार या मानदेय उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है.
नियमित रोजगार नहीं मिलने से पलायन की मजबूरी
आपदा मित्रों ने बताया कि वर्ष 2023 में छठ महापर्व के दौरान उनकी प्रतिनियुक्ति की गई थी, लेकिन वर्ष 2024 में उन्हें ड्यूटी पर नहीं लगाया गया. नियमित रोजगार नहीं मिलने के कारण कई प्रशिक्षित आपदा मित्र रोजी-रोटी के लिए पलायन करने को मजबूर हो गए हैं.
प्रमुख मांगें
ज्ञापन में आपदा मित्रों ने सरकार से कई मांगें रखीं, जिनमें प्रमुख हैं:
- राज्यकर्मी का दर्जा प्रदान किया जाए.
- नियमित मानदेय की व्यवस्था की जाए.
- स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं.
- समय-समय पर नियमित प्रशिक्षण दिया जाए.
- आपदा के दौरान कार्य करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
आपदा मित्रों ने मुख्यमंत्री के निश्चय कार्यक्रम का भी उल्लेख करते हुए मांग की कि पंचायत और प्रखंड स्तर पर प्रशिक्षित आपदा मित्रों की नियमित प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें निर्धारित मानदेय का लाभ दिया जाए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










