रोहतास में डीएम-एसपी को मिला बहनों का प्यार, सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राओं ने बांधा रक्षा सूत्र; दोनों अधिकारी रह चुके हैं विद्यालय के पूर्व छात्र

Updated:
विज्ञापन

एसपी के साथ रक्षाबंधन मनाती सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र

सरस्वती विद्या मंदिर तिलौथू की छात्राओं ने डीएम दीपक कुमार और एसपी मिस्टर राज को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र की कामना की। जानें पूरी खबर।

विज्ञापन

रोहतास के तिलौथू में रक्षाबंधन के अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर की बहनों ने गुरुवार को जिले के डीएम दीपक कुमार मिश्रा और एसपी मिस्टर राज को रक्षा सूत्र बांधा. छात्राओं ने अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधकर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की. इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिन्हा ने दोनों अधिकारियों को अंगवस्त्र और पंच परिवर्तन पुस्तक देकर सम्मानित किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

सरस्वती विद्या मंदिर की बहनों ने सबसे पहले जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा को रक्षा सूत्र बांधा. इसके बाद छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज को भी राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र की कामना की. रक्षाबंधन के इस आयोजन में अधिकारियों और छात्राओं के बीच आत्मीय संवाद भी हुआ.

एसपी मिस्टर राज को रक्षा सूत्र बांधती सरस्वती विद्या मंदिर की बहनें. | Prabhat Khabar Network

डीएम-एसपी दोनों रह चुके हैं विद्यालय के छात्र

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिन्हा ने बताया कि छात्राओं से बातचीत के क्रम में यह जानकारी सामने आयी कि जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज दोनों ही सरस्वती विद्या मंदिर के पूर्व छात्र रह चुके हैं.

इस दौरान एसपी मिस्टर राज ने छात्राओं से अपने विद्यालय के दिनों के अनुभव साझा किये. उन्होंने कहा कि जीवन में संस्कार और संगति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है. सरस्वती विद्या मंदिर में पढ़ाई के दौरान मिले संस्कार और शिक्षा ने उन्हें आगे बढ़ने में काफी मदद की.

एसपी मिस्टर राज को रक्षा सूत्र बांधती सरस्वती विद्या मंदिर की बहनें. | Prabhat Khabar Network

एसपी ने बताया कि कड़ी मेहनत, लगन और अच्छे संस्कार के बल पर कठिन से कठिन परीक्षा में सफलता हासिल की जा सकती है. उन्होंने यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा का उदाहरण देते हुए छात्राओं को लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया.

गणित था एसपी का पसंदीदा विषय

छात्राओं से बातचीत के दौरान एसपी मिस्टर राज ने अपने स्कूली दिनों की एक खास बात भी साझा की. उन्होंने बताया कि गणित उनका पसंदीदा विषय था और इस विषय में वह हमेशा 99 प्रतिशत अंक हासिल किया करते थे.

उन्होंने छात्राओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि व्यक्ति के जीवन पर संगति का बहुत गहरा प्रभाव पड़ता है. इसलिए हमेशा अच्छी संगति चुननी चाहिए और अपने लक्ष्य को लेकर मेहनत करते रहना चाहिए.

पुलिस अधिकारियों को भी बांधा रक्षा सूत्र

रक्षाबंधन कार्यक्रम के तहत विद्यालय की बहनों ने पुलिस उपाधीक्षक गोरख राम, मेजर पुलिस लाइन रजनीश कुमार, सार्जेंट मेजर प्रेम कुमार, पीटीसी पंकज कुमार, सार्जेंट अनुराग कुमार, रामलाल प्रसाद, कमलेश कुमार, डीआईजी रीडर संजीव कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों को भी रक्षा सूत्र बांधा.

छात्राओं ने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की. पुलिस अधिकारियों ने भी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले भाइयों को भी बांधी राखी

रक्षाबंधन के इस कार्यक्रम को विद्यालय की बहनों ने सामाजिक सरोकार से भी जोड़ा. छात्राओं ने झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले बच्चों को भी रक्षा सूत्र बांधा. उन्होंने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखी, स्वस्थ और मंगलमय जीवन की कामना की.

इस पहल के माध्यम से छात्राओं ने रक्षाबंधन के पर्व का संदेश समाज के उन वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास किया, जो अक्सर ऐसे आयोजनों से दूर रह जाते हैं. कार्यक्रम में भाई-बहन के प्रेम के साथ सामाजिक समरसता और संस्कार का संदेश भी देखने को मिला.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन