रोहतास का सूर्यपुरा बनेगा नगर पंचायत, चार गांवों को मिलाकर बनेगा नया नगर

Updated:
विज्ञापन

नगर पंचायत गठन को ले हुए बैठक की तस्वीर | Prabhat Khabar Network

राजा राधिकारमण की नगरी सूर्यपुरा को नगर पंचायत बनाने की प्रक्रिया शुरू, चार गांवों को मिलाकर होगा परिसीमन, जानें क्या होगा बदलाव।

विज्ञापन

Rohtas News : राजा राधिकारमण की नगरी के नाम से पहचान रखने वाले सूर्यपुरा को अब नगर पंचायत का दर्जा मिलने की उम्मीद बढ़ गयी है. सूर्यपुरा को नगर पंचायत बनाने की कवायद तेज हो गयी है. शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय के सभा कक्ष में बीडीओ तेज बहादुर सुमन की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की बैठक हुई. इसमें प्रस्तावित नगर पंचायत के गठन और परिसीमन पर विस्तार से चर्चा की गयी.

आपके शहर में

विज्ञापन

चार गांवों को मिलाकर बनेगी नगर पंचायत

प्रस्तावित सूर्यपुरा नगर पंचायत में सूर्यपुरा, बारुन, बलिहार और खरोज खुर्द गांव को शामिल करने पर चर्चा हुई. वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार इन चारों गांवों की कुल आबादी 16,197 है. नगर पंचायत गठन के लिए निर्धारित न्यूनतम 12 हजार की आबादी की शर्त भी प्रस्तावित क्षेत्र पूरी करता है.

सूर्यपुरा और बलिहार पंचायत पर पड़ेगा असर

प्रस्तावित परिसीमन के तहत सूर्यपुरा पंचायत के सूर्यपुरा और बारुन तथा बलिहार पंचायत के बलिहार और खरोज खुर्द गांव को नगर पंचायत में शामिल किए जाने की संभावना है. ऐसे में दोनों पंचायतों के वर्तमान स्वरूप पर असर पड़ेगा. नगर पंचायत बनने के बाद शेष क्षेत्रों का नया परिसीमन कर पंचायतों के गठन की प्रक्रिया भी शुरू होगी.

शहर जैसी सुविधाएं मिलेंगी, लेकिन बढ़ेगा टैक्स का बोझ

नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद क्षेत्र में सड़क, नाली, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, पेयजल और कचरा प्रबंधन जैसी शहरी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है. हालांकि, नगर निकाय के नियम लागू होने के बाद लोगों को विभिन्न करों और शुल्कों का भुगतान भी करना पड़ सकता है. बिजली-पानी जैसी सेवाओं पर शहरी दरों का असर पड़ने की संभावना है.

जमीन की कीमतों में भी आ सकता है उछाल

नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद सूर्यपुरा क्षेत्र में जमीन की कीमतों में भी बढ़ोतरी की संभावना जतायी जा रही है. यानी नगर का दर्जा मिलने से विकास और सुविधाओं का दायरा बढ़ सकता है, लेकिन लोगों पर कर और शुल्क का अतिरिक्त बोझ भी पड़ सकता है.

जनप्रतिनिधियों ने परिसीमन पर दिए सुझाव

बैठक में जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रस्तावित नगर पंचायत के परिसीमन को लेकर अपने सुझाव रखे. अधिकारियों ने कहा कि परिसीमन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करने के बाद प्रस्ताव को आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जायेगा.

गौरतलब है कि सूर्यपुरा प्रखंड की स्थापना 15 अगस्त 1994 को तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की घोषणा के बाद हुई थी. वर्तमान में प्रखंड में सूर्यपुरा, बलिहार, अगरेर कला, शिवो बहार और गोशलडीह सहित पांच पंचायतें हैं. बैठक में सीओ गोल्डी कुमारी, पंचायती राज पदाधिकारी अभय कुमार सिंह, बीएसओ श्रीनिवास सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे.


नगर पंचायत गठन को ले हुए बैठक की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
नगर पंचायत गठन को ले हुए बैठक की तस्वीर | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन