रोहतास: शिक्षक अपहरण मामले में आरोपी की मौत के बाद पुलिस का शिकंजा, करगहर से एक और आरोपित गिरफ्तार
कोचस थाना की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
बिहार के कोचस में शिक्षक अपहरण और नामजद आरोपित की मौत के मामले में पुलिस ने विकास कुमार नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Rohtas News : दिनारा थाना क्षेत्र के नरवर गांव निवासी शिक्षक गौरीशंकर पाल के अपहरण मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. मामले में नामजद आरोपी राजेश्वरी यादव की इलाज के दौरान मौत के बाद पुलिस ने घटना में शामिल एक अन्य आरोपी विकास कुमार को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसे करगहर बाजार के समीप से पकड़ा. गिरफ्तार विकास कुमार दिनारा थाना क्षेत्र के नरवर गांव निवासी सुरेंद्र यादव का पुत्र बताया जाता है.
आपके शहर में
शिक्षक के अपहरण के बाद मची थी अफरा-तफरी
सदर एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने बताया कि 17 अगस्त को दिनारा थाना क्षेत्र के नरवर गांव निवासी शिक्षक गौरीशंकर पाल का बाइक सवार दो अपराधियों ने अपहरण कर लिया था. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो वाहन से अपराधियों का पीछा किया. पीछा करते हुए ग्रामीण कोचस थाना क्षेत्र स्थित डीएवी स्कूल के समीप पहुंचे, जहां शिक्षक को मुक्त करा लिया गया.
आक्रोशित भीड़ ने आरोपितों की कर दी थी पिटाई
शिक्षक को मुक्त कराने के बाद मौके पर मौजूद आक्रोशित ग्रामीणों ने अपहरण के आरोपितों की जमकर पिटाई कर दी थी. इस दौरान नटवार थाना क्षेत्र के किशुनपुर बड़वा गांव निवासी राजेश्वरी यादव गंभीर रूप से घायल हो गया था. उसे इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया, जहां शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.
मृतक की पत्नी ने आठ नामजद समेत दर्जनों पर कराया केस
राजेश्वरी यादव की मौत के बाद उसकी पत्नी रिंकी देवी ने 23 अगस्त को कोचस थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. इसमें आठ नामजद समेत दर्जनों अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया था. पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू करते हुए घटना से जुड़े वीडियो फुटेज जुटाये.
वीडियो फुटेज से हुई विकास की पहचान
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को घटना के दौरान के कुछ वीडियो प्राप्त हुए थे. इन वीडियो फुटेज के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की गयी. इसी क्रम में विकास कुमार की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसे करगहर बाजार के समीप से गिरफ्तार कर लिया.
बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए