माइक्रोफेस्ट 2026 में गूंजी सूक्ष्मजीवों की दुनिया, 42 छात्र-छात्राओं ने दिखायी प्रतिभा; डॉ कन्हैया सिंह बोले- दोस्त भी हैं, दुश्मन भी
प्रतियोगिता का सम्मान पाती छात्रा की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
बिक्रमगंज के अनजबित सिंह महाविद्यालय में माइक्रोफेस्ट 2026 का आयोजन हुआ। डॉ कन्हैया सिंह ने सूक्ष्मजीवों के लाभ और हानिकारक प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
Rohtas News : अनजबित सिंह महाविद्यालय, बिक्रमगंज में माइक्रोबायोलॉजिस्ट सोसाइटी, इंडिया की ओर से माइक्रोफेस्ट 2026 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का सह आयोजन महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग ने किया. इस दौरान सूक्ष्मजीवों के मानव जीवन और पारिस्थितिकी पर पड़ने वाले लाभदायक और हानिकारक प्रभावों को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया.
आपके शहर में
सूक्ष्मजीवों को समझना जरूरी
कार्यक्रम में माइक्रोबायोलॉजिस्ट सोसाइटी, इंडिया के राज्य समन्वयक सह वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ कन्हैया सिंह ने कहा कि सूक्ष्मजीवों की दुनिया में लाभदायक और हानिकारक दोनों तरह के प्रभाव देखने को मिलते हैं. ये सूक्ष्मजीव हमारे दोस्त भी हैं और दुश्मन भी. इसलिए इनके बारे में जानकारी और जागरूकता होना जरूरी है, ताकि समय रहते इनके कुप्रभाव से बचा जा सके.
कोरोना काल का दिया उदाहरण
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश राम ने किया. उन्होंने कहा कि सूक्ष्मजीव मानव जीवन के लिए कई तरह से लाभदायक हैं, लेकिन कुछ परिस्थितियों में ये गंभीर नुकसान भी पहुंचा सकते हैं. कोरोना काल में सूक्ष्मजीवों के कारण पूरी दुनिया को गंभीर संकट का सामना करना पड़ा था. ऐसे में इनके प्रति लोगों को जागरूक करना जरूरी है.
42 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
माइक्रोफेस्ट 2026 के तहत पेंटिंग, निबंध और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गयी. इसमें कुल 42 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया. विद्यार्थियों ने अपनी पेंटिंग, भाषण और निबंध के माध्यम से सूक्ष्मजीवों के लाभ और नुकसान से जुड़ी जानकारी साझा की.
प्रतियोगिताओं में इन विद्यार्थियों ने मारी बाजी
पेंटिंग प्रतियोगिता में शिवानी कुमारी और नेहा कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. भाषण प्रतियोगिता में कुमारी अनुभूति प्रथम रहीं, जबकि निबंध प्रतियोगिता में आकांक्षा आनंद ने पहला स्थान हासिल किया. सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया.
निर्णायक मंडल में ये रहे शामिल
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में प्रो. फज़ल अहमद, डॉ. रफत अली, मुनमुन चौधरी और अंकित कुमार शामिल रहे. कार्यक्रम का संचालन समन्वयक डॉ. शशि भूषण ने किया. उन्होंने कहा कि सूक्ष्मजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन जरूरी है. अंत में डॉ. अनिल कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए