रोहतास: इंद्रपुरी बराज के सभी 69 गेट खुले, सोन नदी में छोड़ा गया 5.63 लाख क्यूसेक पानी
बराज से सोननदी में छोड़ा जा रहा पानी | Prabhat Khabar Network
इंद्रपुरी बराज का जलस्तर बढ़ने से सभी 69 गेट खोल दिए गए हैं। सोन नदी में 5.63 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, निचले इलाकों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
Rohtas Flood : सोन नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों और कैमूर पहाड़ी के प्राकृतिक जलस्रोतों में लगातार हो रही बारिश के बीच प्रमुख जलाशयों से पानी छोड़े जाने के कारण इंद्रपुरी बराज पर पानी का दबाव बढ़ गया है. मंगलवार की तुलना में बुधवार को बराज पर 47,156 क्यूसेक पानी की वृद्धि दर्ज की गयी. बुधवार की शाम चार बजे बराज पर 5,63,654 क्यूसेक पानी उपलब्ध था. जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए बराज के सभी 69 गेट खोलकर सोन नदी के निचले हिस्से में 5,63,654 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा था.
आपके शहर में
मंगलवार के मुकाबले 47 हजार क्यूसेक बढ़ा पानी
मंगलवार की शाम छह बजे इंद्रपुरी बराज पर 5,16,520 क्यूसेक पानी उपलब्ध था और सभी 69 गेट खोलकर इतनी ही मात्रा में पानी सोन नदी के निचले हिस्से में छोड़ा जा रहा था. बुधवार को पानी की मात्रा बढ़कर 5,63,654 क्यूसेक हो गयी. यानी एक दिन में बराज पर 47,156 क्यूसेक पानी की वृद्धि दर्ज की गयी.
छह लाख क्यूसेक तक पहुंचने की संभावना
सिंचाई सृजन जल संसाधन विभाग, डेहरी के मुख्य अभियंता अजय कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार की शाम चार बजे बराज पर 5,63,654 क्यूसेक पानी उपलब्ध था. उन्होंने बताया कि पानी की मात्रा छह लाख क्यूसेक तक पहुंचने की संभावना है. वर्तमान में रिहंद जलाशय से 17,021 क्यूसेक, वाणसागर जलाशय से 65,676 क्यूसेक और मुहम्मदगंज भीम बराज से 1,45,775 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है.
बराज का अपस्ट्रीम वाटर लेवल 355 फीट
अधिकारियों के अनुसार इंद्रपुरी बराज का डिजाइन पाउंड लेवल 355 फीट है. बुधवार को अपस्ट्रीम वाटर लेवल भी 355 फीट और डाउनस्ट्रीम वाटर लेवल 347.2 फीट दर्ज किया गया. जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए बराज के सभी 69 गेट खुले रखे गये हैं और सोन नदी के निचले हिस्से में लगातार पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है.
सभी प्रमुख लिंक नहरों में पानी की आपूर्ति बंद
सोन नदी में पांच लाख क्यूसेक से अधिक पानी डिस्चार्ज होने के कारण बराज से सभी लिंक नहरों में पानी की आपूर्ति बंद कर दी गयी है. विभाग के अनुसार नियमानुसार सोन नदी में पांच लाख क्यूसेक से अधिक पानी रहने पर बराज से सभी प्रमुख लिंक नहरों में जलापूर्ति बंद कर दी जाती है. इसका उद्देश्य बराज के जलस्तर को नियंत्रित रखना है.
निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की अपील
मुख्य अभियंता ने बताया कि सोन नदी की जलग्रहण क्षमता 14 लाख क्यूसेक है. हालांकि, वर्तमान में नदी में 5.63 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण निचले हिस्सों में जलस्तर बढ़ने की संभावना बनी हुई है. विभाग ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. लोगों को नदी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए