गया जी से मुंबई तक पैदल यात्रा पर निकले दो युवक पहुंचे रोहतास, तिरंगा लेकर हाजी अली दरगाह में मांगेंगे मन्नत
एनएच-19 पर तिरंगा लेकर पैदल जाते गया जी के दोनों युवक| Prabhat Khabar Network
Gaya Ji to Mumbai Foot Journey : गया जी के जिशान अंसारी और नाजिम खान परिवार की अमन-चैन और तरक्की के लिए मुंबई के हाजी अली दरगाह तक हजारों किमी की पैदल यात्रा पर हैं. वे तिरंगे के साथ आस्था का सफर तय कर रहे हैं.
Gaya Ji to Mumbai Foot Journey : हाथों में तिरंगा, मन में आस्था और मंजिल तक पहुंचने का दृढ़ संकल्प लेकर गया जिले के दो युवक हजारों किलोमीटर की पैदल यात्रा पर निकले हैं. महाराष्ट्र के मुंबई स्थित हाजी अली दरगाह में मन्नत मांगने के उद्देश्य से निकले जिशान अंसारी और नाजिम खान गुरुवार को रोहतास जिले के शिवसागर पहुंचे. राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से गुजरते हुए दोनों युवकों को हाथों में तिरंगा लेकर पैदल जाते देख स्थानीय लोगों और राहगीरों में उत्सुकता बढ़ गई. लोगों ने उनसे रुककर यात्रा के उद्देश्य और तैयारियों के बारे में जानकारी ली.
परिवार की सुख-समृद्धि और अमन-चैन के लिए मांगेंगे मन्नत
गया जिले के बहु विगहा गांव निवासी जिशान अंसारी और नाजिम खान ने बताया कि वे अपने परिवार की सुख-समृद्धि, तरक्की और अमन-चैन की मन्नत लेकर मुंबई स्थित हाजी अली दरगाह जा रहे हैं. अपनी आस्था को संकल्प में बदलते हुए दोनों ने किसी वाहन का सहारा लेने के बजाय पैदल ही पूरी यात्रा करने का निर्णय लिया है. उनका कहना है कि वे प्रतिदिन करीब 25 से 30 किलोमीटर की दूरी तय कर रहे हैं.
तिरंगा लेकर तय कर रहे आस्था का सफर
यात्रा के दौरान दोनों युवक अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर चल रहे हैं. तिरंगा साथ रखने की वजह पूछने पर उन्होंने कहा कि देश और धर्म दोनों उनके लिए महत्वपूर्ण हैं. तिरंगे के साथ इस यात्रा को पूरा करना उनके लिए गर्व की बात है. दोनों पूरे उत्साह और विश्वास के साथ अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे हैं.
दो से ढाई महीने में पूरी होगी गया से मुंबई तक की यात्रा
गया से मुंबई तक की लंबी दूरी तय करने में दोनों युवकों को करीब दो से ढाई महीने लगने का अनुमान है. दिनभर पैदल चलने के बाद वे रास्ते में पड़ने वाली मस्जिदों अथवा अन्य सुरक्षित स्थानों पर रात में विश्राम करते हैं. यात्रा के दौरान खाने-पीने और आराम की व्यवस्था भी उन्हें रास्ते में ही करनी पड़ती है. तमाम मुश्किलों के बावजूद दोनों अपने संकल्प पर अडिग हैं.
शिवसागर में स्थानीय लोगों ने की हौसले की सराहना
गुरुवार को शिवसागर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों की आस्था और हौसले की सराहना की. लोगों ने उनके लिए जलपान की व्यवस्था की और सकुशल मंजिल तक पहुंचने की शुभकामनाएं दीं. इसके बाद दोनों युवक अपनी आगे की यात्रा पर रवाना हो गए.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए