सासाराम नगर थाना परिसर बना रणक्षेत्र, छह गिरफ्तार

Edited by PANCHDEV KUMAR
Updated:
विज्ञापन

दुस्साहस. नगर थाने में मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराने पहुंचे थे दो पक्ष, आपस में भिड़े, थाने में मारपीट के दौरान पुलिस ने भी खोले हाथ, वीडियो हुआ वायरल

विज्ञापन

सासाराम ग्रामीण़ सासाराम नगर थाना परिसर में मंगलवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गयी, जब पुलिस की मौजूदगी में ही दो पक्ष आपस में भिड़ गये. दोनों ओर से जमकर मारपीट शुरू हो गयी और कुछ देर के लिए नगर थाना परिसर रणक्षेत्र बन गया. स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर हाजत में बंद कर दिया और बाद में जेल भेज दिया. गिरफ्तार लोगों में एक पक्ष के कंपनीसराय मुहल्ला निवासी डॉ एनएन सिंह के पुत्र रोहन सिंह, उमेश प्रसाद सिंह के पुत्र फैटी, शैलेंद्र कुमार के पुत्र प्रखर सिंह व शिव प्रताप सिंह के पुत्र उज्जवल सिंह व दूसरे पक्ष के मानिक चंद सिंह के पुत्र मनीष कुमार यादव व राजेंद्र प्रसाद गुप्ता के पुत्र शशि गुप्ता शामिल हैं. बताया जाता है कि मंगलवार की अहले सुबह करीब पांच बजे दोनों पक्षों के कुछ लोग सासाराम रेलवे स्टेशन के समीप चाय पी रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी मारपीट में बदल गयी. वहां मामला शांत हो गया और दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गये. कुछ देर बाद काली स्थान के समीप दोनों पक्ष फिर आमने-सामने हो गये. इस मारपीट में कंपनीसराय मुहल्ला निवासी संजय कुमार गुप्ता के पुत्र सौरभ कुमार सहित करीब तीन लोग जख्मी हो गये. जख्मी समेत अन्य लोग शिकायत करने नगर थाना पहुंचे. अभी प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया चल ही रही थी कि थाना परिसर में ही दोनों पक्ष तीसरी बार भिड़ गये और घूसा-मुक्का चलने लगा. इसका वीडियो भी वायरल होने लगा. हालांकि, प्रभात खबर इस तरह के किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है. स्थिति बेकाबू होते देख पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और करीब आठ लोगों को हिरासत में ले लिया. पूछताछ के बाद छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया.

इस संबंध में सदर एसडीपीओ-1 दिलीप कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है.

घटना में तीन प्राथमिकी दर्ज

रेलवे स्टेशन, काली मंदिर और थाना परिसर में हुई मारपीट की घटना में अब तक तीन प्राथमिकी दर्ज की गयी है. एसडीपीओ-1 दिलीप कुमार ने बताया कि थाना कांड सं.-159/26 कंपनीसराय मुहल्ला निवासी संजय कुमार गुप्ता के पुत्र सौरभ कुमार के बयान पर दर्ज हुआ है. दूसरी प्राथमिकी पुलिस की ओर से कांड सं-160/26 और तीसरी प्राथमिकी थाना कांड सं.-161/26 कंपनीसराय मुहल्ला निवासी मानिक चंद यादव के पुत्र मनीष कुमार यादव की ओर से दर्ज करायी गयी है. दर्ज मामलों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है. अब तक करीब दस लोगों को नामजद किया गया है. मारपीट का सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है और उपद्रवियों की पहचान की जा रही है.

धन और रसूख की ताकत का थाने में दिखा नजारा

मंगलवार की सुबह नगर थाना परिसर से लेकर बाहर तक शहर के नवधनाढ्यों का जमावड़ा लगा रहा. दोनों पक्षों के समर्थन में धन और राजनीतिक-प्रशासनिक रसूख वाले लोग मौजूद थे. समझौते की बातचीत चल ही रही थी कि थाना परिसर में दोनों पक्ष फिर भिड़ गये. हालांकि, पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए आरोपितों को हाजत में बंद कर दिया. पुलिस की सख्ती देख कई रसूखदार लोग वहां से निकल गये. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, जिससे आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जतायी जा रही है. देर रात तक समझौते की कोशिश भी हुई, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी और छह लोग जेल भेज दिये गये. कई अन्य के विरुद्ध भी कार्रवाई की संभावना जतायी जा रही है.

विज्ञापन
PANCHDEV KUMAR

लेखक के बारे में

By PANCHDEV KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन