बिक्रमगंज सब्जी मंडी में किसानों की परेशानी, जगह से लेकर शौचालय तक की सुविधा नहीं; एसडीओ से लगाई गुहार
अनुमंडलाधिकारी बिक्रमगंज के कार्यालय में मिलने पहुंचा सब्जी उत्पादक किसानों का समूह की तस्वीरें | Prabhat Khabar Network
Bikramganj Vegetable Market Farmers : बिक्रमगंज सब्जी मंडी में किसानों को बैठने की जगह, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझना पड़ रहा है. किसानों ने एसडीओ से जल्द समाधान की मांग की है.
Bikramganj Vegetable Market Farmers : रोहतास जिले के बिक्रमगंज नगर के बीचोंबीच स्थित सब्जी मंडी में अपनी उपज बेचने पहुंचने वाले किसानों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. उचित स्थान की कमी, गंदगी और खुले में पेशाब करने की समस्या से परेशान किसानों का एक दल बुधवार को अनुमंडलाधिकारी दिलीप कुमार के कार्यालय पहुंचा. किसानों ने अपनी समस्याएं बताते हुए मंडी में उनके लिए अलग स्थान चिह्नित करने और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की. एसडीओ ने छठ पर्व के बाद समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया.
मंडी में सब्जी बेचने के लिए नहीं मिलती पर्याप्त जगह
किसानों का कहना है कि वे महंगे खाद और बीज खरीदकर दिन-रात मेहनत करते हैं. कई बार मौसम की मार झेलने के बाद सब्जियों का उत्पादन करते हैं. बेहतर बाजार भाव और उचित मुनाफे की उम्मीद में अपनी उपज सीधे मंडी तक लाते हैं, लेकिन यहां उन्हें बैठकर सब्जी बेचने के लिए सम्मानजनक स्थान तक नहीं मिलता. कई बार एक ही जगह पर दो किसानों को बारी-बारी से बैठना पड़ता है. इससे उनकी बिक्री प्रभावित होती है.
किसानों ने एसडीओ दिलीप कुमार से मंडी में उनके लिए एक निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की. एसडीओ ने छठ पर्व की व्यस्तता का हवाला देते हुए पर्व के बाद समस्याओं के निदान का आश्वासन दिया. किसानों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी समस्याओं को समझते हुए ठोस पहल करेगा.
गंदगी और दुर्गंध से महिला खरीदार भी होती हैं परेशान
बसगीतिया गांव के किसान सुनील सिंह कुशवाहा ने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन मंडी में उपज बेचने के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं. सतीश कुशवाहा और सुरेश सिंह ने बताया कि जिस स्थान पर किसानों को बैठाया जाता है, वहां लोग खुले में पेशाब करते हैं. इससे पूरे इलाके में दुर्गंध बनी रहती है और महिला खरीदार भी वहां आने से कतराती हैं.
उन्होंने बताया कि ऐसी स्थिति में किसानों को अपनी सब्जियां औने-पौने दाम पर स्थायी दुकानदारों को बेचकर लौटना पड़ता है. इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है.
20 रुपये बाजार शुल्क के अलावा सब्जी लेने का भी आरोप
कस्तर महादेव गांव के किसान सुनील कुमार, रवि कुमार और अजय कुमार ने आरोप लगाया कि नगर परिषद के ठेकेदार के लोग प्रत्येक किसान से 20 रुपये बाजार शुल्क वसूलते हैं. इसके अलावा टैक्स के नाम पर सब्जियां भी ली जाती हैं. किसानों का आरोप है कि वसूली गई सब्जियों को बाजार के होटलों में बेचकर मुनाफा कमाया जाता है.
वहीं, राजू सिंह ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर अपनी उपज तैयार करते हैं, लेकिन मंडी में उन्हें बार-बार ठगे जाने का एहसास होता है.
बिजली, पानी और शौचालय की व्यवस्था करने की मांग
सिकरिया गांव के किसान मंटू सिंह, उमेश सिंह और जगनारायण सिंह यादव ने मंडी में किसानों के लिए बिजली, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था कराने की मांग की. वहीं, ढोढनडीह गांव के प्रेमचंद सिंह ने कहा कि किसानों को भी सम्मान के साथ अपनी उपज बेचने का अवसर मिलना चाहिए.
किसानों ने प्रशासन से मंडी की व्यवस्था दुरुस्त करने, गंदगी दूर करने और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है.
Also Read : रोहतास: शिवसागर में उद्योग लगाने के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज, डीएम ने किया स्थल निरीक्षण
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए